गोलीबारी से दहला मुजफ्फरपुर का खबड़ा, अज्ञात अपराधियों ने चाचा-भतीजे को मारी गोली, हालत गंभीर

मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित खबड़ा में शनिवार देर शाम अपराधियों ने चाचा-भतीजे को गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं, विरोध करने पर पिस्टल के बट से पिता का सिर फोड़ दिया गया है। बताया जा रहा है कि गोली लगने से 30 वर्षीय चाचा सुदर्शन कुमार ओझा व 15 वर्षीय प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गया है। जबकि, प्रियांशु के पिता प्रभात कुमार भी घायल हो गए है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार अपराधी खबड़ा शिव मंदिर की ओर से आये थे।

गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मधौल की ओर फरार हो गए। बताया जाता है कि सुदर्शन दिल्ली मेट्रो में कार्यरत है। जबकि प्रियांशु 10 वीं के छात्र है। सुदर्शन लॉकडाउन में घर आये हुए थे। घटना के बाद लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गयी। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिजनों व स्थानीय लोगों ने तीनों जख्मी को बैरिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जाता है सुदर्शन ओझा व प्रियांशु के पेट में गोली लगी है।

डॉक्टर ऑपरेशन कर गोली निकालने में जुटे हुए थे। इधर, घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव है। जानकारी मिलने पर पहुंची सदर पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्र ने आक्रोशितों को कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद समझा कर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि आपसी विवाद में गोली मारने की बात सामने आ रही है। घायल का बयान लिया जा रहा है।

इधर, प्रभात कुमार ओझा ने बताया कि उनका रिश्तेदार के साथ विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में करीब डेढ़ साल पूर्व उनके घर पर दर्जनों लोगों ने चढ़कर मारपीट की थी। प्रभात ने उन्हीं लोगों पर इस घटना को अंजाम देने का शक जाहिर किया है। बताया है कि गोली मारने वाले अपराधियों की उम्र 25-30 वर्ष के बीच थी। दोनों का चेहरा खुला हुआ था। अपराधी हाइस्पीड बाइक पर सवार थे।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *