स्टार्टअप शुरू करने वाले युवा उद्यमियों को उद्योग विभाग मदद करेगा। इसके लिए विभाग की ओर से जीरो लैब शुरू की जाएगी। इस लैब के माध्यम से आईआईटी व आईआईएम के एक्सपर्ट युवाओं को प्रोजेक्ट बनाने से लेकर मार्केटिंग के लिए आइडिया देंगे।
युवा उद्यमी ऑफलाइन व ऑनलाइन माध्यम से जीरो लैब से संपर्क कर उद्योग से जुड़ी अपनी शंकाओं को दूर करेंगे। इसके लिए बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) ने आईआईटी पटना के साथ करार किया है। बियाडा और आईआईटी पटना के बीच बहुत जल्द जीरो लैब के नाम से एक आइडिएशन लैब शुरू करने पर सहमति बनी है। दस दिनों में जीरो लैब कार्य करने लगेगी। यहां पर स्टार्टअप के आइडिएशन से लेकर उसे सफलतापूर्वक संचालित करने और आगे बढ़ाने के लिए मदद की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि स्टार्टअप की कठिनाइयों को जल्द से जल्द दूर किया जाए। इस संबंध में बताया गया कि स्टार्टअप को बढ़ाने में आईआईटी, आईआईएम जैसे संस्थानों की अहम भूमिका है। बिहार के स्टार्टअप को सर्वोच्च संस्थानों से जुड़े एक्सपर्ट का मार्गदर्शन मिलेगा। इसमें जीरो लैब महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
तकनीकी व प्रबंधकीय रुप से दक्ष होंगे युवा उद्यमी
स्टार्टअप शुरू करने वालों को जीरो लैब तकनीकी व प्रबंधकीय रूप से मदद करेगी। नया उद्यम शुरू करने वाले को तकनीकी व प्रबंधकीय रूप से सशक्त बनाया जाएगा। आईआईटी व आईआईएम पेशेवर नये उद्यमियों को फैक्ट्री लगाने में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद करेंगे। बियाडा के ईडी एसके सिन्हा ने बताया कि आईटी, फूड प्रोसेसिंग, मैकेनिकल व सिविल इंजीनियरिंग आदि उद्योग लगाने वालों को आईआईटी के एक्सपर्ट मदद करेंगे। फैक्ट्री चालू होने के बाद पैकेजिंग, उत्पादों की मार्केटिंग आदि बिजनेस आइडिया के लिए आईआईएम के एक्सपर्ट से मदद ली जा सकती है।
