गोपनीय डेटा चुराने के लिए वरीय अधिकारियों के ई-मेल पर साइबर हमले हो रहे हैं। हाल में कई अधिकारी इसके शिकार हो चुके हैं। इसके लिए अब मुख्यालय से आर्थिक एवं साइबर अपराध विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
राज्य के सभी जिलों के पुलिस कप्तान को इसके लिए पत्र जारी किया गया है।
अधिकारियों को इस साइबर हमले से बचने के लिए ड्रॉप बॉक्स डॉट कॉम से आए ई-मेल के लिंक को क्लिक करने से बचने की हिदायत जारी की गई है। अधिकारियों के ई-मेल पर हुए साइबर हमले को लेकर हड़कंप है। ई-मेल हैक हो जाने की स्थिति में इससे बचने के लिए अतिरिक्त आसूचना ब्यूरो की ओर से अधिकारियों को कई तरह के उपाय भी बताए जा रहे हैं।
मुख्यालय ने सभी पुलिस कप्तानों को बताया है कि हाल में ई-मेल के माध्यम से साइबर हमले किए जाने के मामले सामने आए हैं। इसमें विशेषकर ड्रॉप बॉक्स डॉट कॉम से ईएमईआई/सीडीआरएनालीसिस सॉफ्टवेयर/रिपोर्ट प्रकृति की फाइल ई-मेल के जरिए भेजी जा रही है। इस फाइल को डाउनलोड कर खोलने पर कंप्यूटर की साइबर सुरक्षा को हैकर भेदकर गोपनीय डाटा चुरा ले रहे हैं। कई विधि प्रवर्तक संस्थाओं के अधिकारियों के ई-मेल इस फाइल के जरिए हैक किए गए हैं। जारी अलर्ट में कहा गया है कि किसी संदिग्ध ई-मेल को न खोलें और नहीं इसका उत्तर दें। ऐसे किसी संदेहास्पद ई-मेल के हाईपरलिंक, वेवलिंक, यूआरएल पर क्लिक नहीं करें। यदि कोई संदिग्ध विदेशी आईपी एड्रेस से ई-मेल के इस्तेमाल किए जाने की जानकारी संज्ञान में आए तो सभी ऑनलाइन खातों के पासवर्ड किसी अन्य सुरक्षित कंप्यूटर से बदल लें।
इंटरनेट कनेक्शन हटाकर डाटा को करेंगे संरक्षित
अधिकारियों से इस तरह का ई-मेल को विभाग के pratirodhak@gov.in पर अग्रसारित करने के लिए कहा गया है। ई-मेल के अनाधिकृत इस्तेमाल की जांच के लिए अंतिम लॉगिन गतिविधि का अध्ययन करते रहने के लिए कहा गया है। अधिकारियों को बताया गया है कि मैलवेयर के संक्रमण की स्थिति में कंप्यूटर का इंटरनेट कनेक्शन हटाकर डाटा को संरक्षित करने के बाद हार्ड डिस्क को फॉर्मेट करने और ऑपरेटिंग सिस्टम व अप्लीकेशन को फिर से इंस्टॉल करें।
एसएसपी ने सभी थानेदारों को किया सतर्क
ई-मेल हैक किए जाने को लेकर मुख्यालय से जारी अलर्ट की जानकारी एसएसपी जयंतकांत ने सभी थानेदारों को दी है। मुख्यालय से जारी पत्र की प्रति थानों में भेजी गई है। एसएसपी ने बताया कि निचले पदाधिकारी भी जागरूक रहें ताकि कोई सरकारी मेल हैक नहीं हो सके।
