Muzaffarpur में चार लाख रुपए रंगदारी के लिए व्यवसायी को सात दिन में नौ कॉल, पैसा नही देने पर सपरिवार हत्या की धमकी

मोतीझील के मोबाइल व्यवसायी दिलीप कुमार से चार लाख रुपये रंगदारी मांगने के लिए अपराधियों ने सात दिन में नौ बार कॉल किया है।

उन्हें अलग-अलग चार मोबाइल नंबरों से कॉल किए गए हैं। बीते तीन फरवरी से नौ फरवरी के बीच रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल का ब्योरा मोबाइल व्यवसायी ने पुलिस को सौंपा है।

उनके आवेदन के आधार पर शुक्रवार को नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। सर्विलांस सेल ने सभी नंबरों की लोकेशन ली है। इसमें अलग-अलग इलाके से कॉल कर धमकी देने का साक्ष्य पुलिस को मिला है। अपराधियों को दबोचने के लिए विशेष पुलिस टीम बनाई गई है। व्यवसायी दिलीप कुमार मूल रूप से बरुराज थाने के सिमरा गांव के निवासी हैं। मोतीझील के एक मोबाइल मार्केट में उनकी दुकान है। ब्रह्मपुरा थाने के लक्ष्मी चौक के पास दाउदपुर कोठी मोहल्ला में किराये के मकान में रहते हैं। पुलिस को बताया कि बीते तीन फरवरी को जब वह मोबाइल दुकान पर थे, तब दोपहर 12.15 बजे अपराधियों ने रंगदारी के लिए पहली बार कॉल किया था। उन्होंने कॉल को काट दिया। तब अपराधियों ने उसी दिन लगातार तीन बार कॉल किया। फिर चार फरवरी को रात आठ बजे और साढ़े नौ बजे दो बार कॉल कर अपशब्द कहे व हत्या की धमकी दी।

तीन दिन बाद सात फरवरी को फिर से रात नौ बजे से सवा नौ बजे के बीच तीन बार कॉल करके धमकी दी गई। इसके बाद नौ फरवरी को पौने एक बजे अपराधियों ने कॉल किया। अपराधियों ने धमकी दी है कि रुपये नहीं मिले और पुलिस में केस किया गया तो सपरिवार हत्या कर दी जाएगी। व्यवसायी ने पुलिस को बताया है कि उनके मार्केट के ही व्यवसायी अभिषेक अग्रवाल को दुकान बंदकर घर लौटने के क्रम में अपराधियों ने लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी थी। तब से मार्केट के मोबाइल व्यवसायी सहमे रहते हैं। रंगदारी के लिए हत्या की धमकी मिलने से सारे व्यवसायी खौफजदा हो गये है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *