बेला औद्योगिक क्षेत्र के फेज टू स्थित स्नैक्स फैक्ट्री में बॉयलर फटने से मरे चार मजदूरों के आश्रितों को सोमवार को कर्मकार प्रतिकर अधिनियम के तहत 14 लाख 54 हजार रुपये मुआवजा सौंपा गया।
मुरौल के पिलखी के मृतक अमरनाथ साह की पत्नी को दो लाख, मुशहरी के छपरा मेघ के मृतक संदीप कुमार की पत्नी को दो लाख 19 हजार 623 रुपये दिए गए। कुढ़नी के जम्हरूआ के मृतक अजीत कुमार की मां को दो लाख व पिता को दो लाख 76 हजार 844 रुपये दिए गए। छपरा के एकमा के मृतक ललन यादव की पत्नी को दो लाख 58 हजार 263 रुपये दिए गए। उसकी अविवाहित पुत्री के खाते में भी तीन लाख रुपये डालने का निर्देश दिया गया।
वहीं, मुशहरी के सलहा के मृतक विनोद राय की पत्नी कार्यालय नहीं पहुंच सकी। इसलिए उन्हें राशि नहीं दी जा सकी। उप श्रमायुक्त अरुण श्रीवास्तव ने सभी आश्रितों को मुआवजे की राशि का चेक सौंपा। उन्होंने बताया कि शेष राशि मृतक के अन्य आश्रितों के बीच वितरीत होगी। इसके लिए आश्रितों को बैंक खाता की जानकारी उपलब्ध करानी होगी। विभाग ने कर्मकार प्रतिकर अधिनियम के तहत स्नैक्स फैक्ट्री में हादसे के दौरान मरे पांच मजदूरों के आश्रितों को मुआवजे के लिए 58 लाख 86 हजार 600 रुपये की राशि तय की है।
