घर से भागकर प्रेमी संग छह माह से मुजफ्फरपुर में रह रही युवती को सोमवार को दिल्ली पुलिस अपने साथ वापस ले गई। वहीं, युवक को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया है।
काजी मोहम्मदपुर पुलिस के मुताबिक, युवती बालिग है। इसलिए दिल्ली पुलिस कोर्ट में उसका बयान कराने के लिए ले गई है। वह पहले से शादीशुदा है।
नवंबर 2021 को दिल्ली की युवती को भनक लगी थी कि उसका पति उसे बेचने की फिराक में है। इसके बाद वह प्रेमी संग दिल्ली से भाग निकली। इसके बाद मुजफ्फरपुर आकर सादपुरा मोहल्ला में एक किराये पर कमरा लिया और रहने लगी। इस बीच बीते सप्ताह दोनों की संदिग्ध गतिविधि देखकर मकान मालिक ने तिरहुत रेंज के आईजी पंकज सिन्हा को शिकायत की। आईजी के आदेश पर पुलिस ने जांच की। बीते रविवार को दोनों से गहन पूछताछ की। दिल्ली पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। मुजफ्फरपुर पहुंची दिल्ली पुलिस ने काजी मोहम्मदपुर थाने से युवती को अपने कब्जे में लिया।
