वेलेंटाइन डे का विरोध कर रहे कई युवक सोमवार दोपहर करीब एक बजे मिठनपुरा स्थित एक मॉल में लाठी-फट्ठा लेकर घुस गए। मॉल के रेस्तरां में बैठे कई कपल के साथ युवकों ने मारपीट की।
मॉल के गार्ड और कर्मचारियों के साथ भी उन युवकों की झड़प हुई। मारपीट और झड़प की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका फुटेज शाम से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि रेस्टोरेंट में अलग-अलग टेबल पर कुछ परिवार बच्चों के साथ खा-पी रहे थे। अचानक आधा दर्जन युवक घुसे और सभी को हॉल से निकल जाने के लिए कहने लगे। कोर्ट पैंट पहने एक युवक ने कारण पूछा तो उसके साथ मारपीट व धक्का-मुक्की की गई। सूचना पर मिठनपुरा थानेदार भागीरथ प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। हालांकि, तबतक मारपीट करने वाले युवक फरार हो चुके थे। मारपीट करने वाले नारेबाजी भी कर रहे थे। कई रेस्टोरेंट और होटलों में घुसकर नये जोड़े व कपल को सभी खोज रहे थे। हालांकि, पूर्व से इसकी आशंका थी कि मिठनपुरा इलाके में इस तरह की घटना हो सकती है। मिठनपुरा थानेदार के नेतृत्व में पुलिस टीम भी गश्त लगा रही थी। थानेदार ने बताया कि रात तक मॉल प्रबंधन या पीड़ित कपल की ओर से एफआईआर दर्ज करने के लिए थाने में आवेदन नहीं सौंपा गया। इसलिए मामले में एक सनहा दर्ज किया गया है।
