मुजफ्फरपुर में भारी बवाल, ऑटो में प्रतिबंधित समान पकड़ाया, उपद्रवियों ने ऑटो फूंका, यहां जानिए पूरा मामला

मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित भगवानपुर चौक पर मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने प्रतिबंधित मांस लदे ऑटो को पकड़ा। ऑटो चालक ने कूदकर भागने का प्रयास किया। आक्रोशितों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर जमकर पिटाई कर दी। ऑटो को पलट दिया और आग के हवाले कर दिया। जमकर बवाल और हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना के प्रभारी थानेदार मणिभूषण कुमार और जैनेंद्र झा दलबल के साथ पहुंचे। चालक को भीड़ की चुंगल से छुड़ाकर उसे हिरासत में लिया गया। आननफानन में आग को बुझाया गया।

आक्रोशितों को समझाकर शांत कराया गया। पुलिस द्वारा लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद लोग शांत हुए और जाम समाप्त हुआ। ऑटो चालक की पहचान नौशाद के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि वह जुरन छपरा से प्रतिबंधित मांस लेकर मड़वन जा रहा था। इसके लिए उसे मोटी रकम देने का लालच दिया गया था। उसने प्रतिबंधित मांस की तस्करी करने वाले का नाम भी पुलिस को बताया है। प्रभारी थानेदार ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। मांस को पुलिस ने जब्त कर लिया है। वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पांच किलोमीटर तक खदेड़ कर पकड़ा

सोमवार सुबह भगवानपुर की तरफ से एक ऑटो पर प्रतिबंधित मांस लोड कर मड़वन ले जाया जा रहा था। इसकी सूचना हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं को लग गयी। दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने ऑटो का पीछा करना शुरू किया। ऑटो चालक को इसकी भनक लगते ही उसने तेजी से भागना शुरू कर दिया। बाइक सवार कार्यकर्ता उसे ओवरटेक कर रहे थे। इसमें दो बाइक सवार असन्तुलित होकर गिरकर जख्मी हो गए। फिर भी अन्य कार्यकर्ता उसका पीछा करते रहे। करीब पांच किलोमीटर तक खदेड़ कर उसे दबोच लिया गया। इसके बाद उसे पकड़कर भगवानपुर चौक पर लाया गया।

तस्कर के फरार होने की बात

लोगों का कहना है कि ऑटो पर मुख्य तस्कर, चालक समेत तीन लोग सवार था। लेकिन, वे दोनों रास्ते मे ही कूदकर भाग निकले। उनकी तलाश में पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। प्रभारी थानेदार ने बताया कि लिखित शिकायत देने के लिए बोला गया है। उसी आधार पर FIR दर्ज किया जाएगा।

उपद्रवियों द्वारा ऑटो जलाने की बात

इधर, कार्यकर्ता कुंदन सिंह और राजेश सिंह ने बताया कि वे लोग ऑटो लदे प्रतिबंधित मांस को पकड़कर पुलिस के हवाले करने के लिए लाए थे। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने चालक की पिटाई कर दी और ऑटो को आग के हवाले कर दिया। उनके कार्यकर्ताओ ने बवाल नहीं किया था। उन्होंने प्रशासन ने मांग की है कि इस तरह की तस्करी पर प्रतिबंध लगाए जाएं। अन्यथा इसे रोकने के लिए हमलोगों को सड़क पर उतरना पड़ेगा।

10 किलोमीटर तक लगा जाम

बीबीगंज से लेकर कच्ची पक्की तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहनों की कतार लग गयी। लोगों का आक्रोश समाप्त होने के बाद पुलिस को घन्टो जाम छुड़ाने में लग गए।

पूर्व में भी पकड़ा गया था प्रतिबन्धित मांस

पिछले साल भी भगवानपुर और गोबरसही में भी प्रतिबंधित मांस को लोगों ने पकड़ा था। उस दौरान भी भारी बवाल हुआ था। लोगों का कहना है कि लगातार प्रतिबंधित मांस की तस्करी चोरी-छिपे की जा रही है। पुलिस प्रशासन को इस पर अविलंब रोक लगाना होगा। अन्यथा लोगों का आक्रोश भड़क सकता है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *