शहर के व्यवसायी पिछले एक माह से जाम और कीचड़ से परेशान हैं। जगह-जगह सड़क-नालियां खोदी जा रही हैं। सुस्त गति से हो रहे निर्माण के कारण शहर की हालत नारकीय बन गई है।
आवागमन में दिक्कत होने से व्यवसायियों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। इससे उनमें रोष भी है।
हरिसभा चौक से कल्याणी तक पूरे एक माह से व्यापार प्रभावित है। स्थानीय व्यवसायी राजीव रंजन, राजेश कुमार, सचिन कुमार ने बताया कि नाला निर्माण कार्य होने से एक माह से व्यापार प्रभावित है। ग्राहक दुकान में आना नहीं चाहते हैं। सड़क पर जाम और कीचड़ होने से बाहर से ही ग्राहक लौट जा रहे हैं। स्टेशन रोड में फ्लाईओवर से लेकर इमलीचट्टी तक नाला निर्माण चल रहा है। इस कारण एक तरफ से सड़क अवरुद्ध हो गया है। स्टेशन रोड में जाम से सैकड़ों दुकानों का कारोबार प्रभावित हो गया है। इस रोड में कई कृषि संबंधित और खाद-बीज की दुकानें हैं। बीज विक्रेता राजरतन कुशवाहा ने बताया कि जाम और कीचड़ के कारण किसान बाहर से ही बीज व कीटनाशक खरीदारी कर लौट जा रहे हैं। यहां नहीं पहुंच रहे हैं। इस कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। निर्माण कार्य धीमी गति से होने से व्यवसायियों की परेशानी बनी हुई है।
