सरकार की ओर से कोरोना पाबंदी हटते ही बाजार में कारोबार में तेजी आने लगी है। कपड़ा, आभूषण, बर्तन समेत कई कारोबार हफ्तेभर में पटरी पर लौटने लगे हैं।
सोमवार को सूतापट्टी, सरैयागंज, मोतीझील, कल्याणी इलाकों की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ दिखी।
सूतापट्टी के थोक विक्रेता सह उत्तर बिहार वाणिज्य एवं उद्योग परिषद के पूर्व महामंत्री अरुण कुमार ने बताया कि पाबंदियां हटने से कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है। काफी दिनों से शिक्षण संस्थान बंद थे। नर्सरी से लेकर उच्च कक्षा तक के स्कूलों के खुलने से वहां से कपड़ों की मांग होगी। कई जगह से ऑडर भी आने लगे हैं। साथ ही लग्न को लेकर लोग कपड़े की खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। मांग बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्र के व्यापारी भी पहुंच रहे हैं। हफ्तेभर में कारोबार में 25-30 फीसदी की तेजी आई है, इससे व्यवसायियों में बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।
बर्तन दुकानों में 30 फीसदी तक बढ़ा कारोबार :
बर्तन दुकानों में ग्राहकों की भीड़ दिखने लगी है। मोतीझील के एक बर्तन विक्रेता ने बताया कि पहले लोग जरूरत एवं लग्न को लेकर खरीदारी करने पहुंच रहे थे। अब सामान्य दिनों की तरह ग्राहक आने लगे हैं, जिससे कारोबार में तेजी आने लगी है। कल्याणी चौक के एक विक्रेता ने बताया कि रोजमर्रे की जरूरत के सामान की खरीदारी बढ़ी है। एक सप्ताह में कारोबार में 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है।
आभूषण दुकानों में पहुंचने लगे खरीदार :
पुरानी बाजार में सामान्य दिनों की तरह ग्राहक पहुंचने लगे हैं। ग्राहकों की संख्या बढ़ने से छोटे-छोटे कारीगरों की भी उम्मीद बढ़ी है। अखिल भारतीय सराफा संघ के महामंत्री सत्यनारायण प्रसाद ने बताया कि पाबंदी के समय कम लोग पहुंच रहे थे। अब अपेक्षाकृत ज्यादा ग्राहक आ रहे हैं। एक सप्ताह के आंकड़ों को देखें तो कारोबार में 20-25 फीसदी की वृद्धि हुई है।
इलेक्ट्रॉनिक कारोबार में भी आई तेजी :
मिठनपुरा स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के प्रबंधक ने बताया कि पाबंदी हटने की सूचना मिलने के बाद ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। पहले लोग लग्न की खरीदारी करने पहुंच रहे थे, मगर अब अन्य ग्राहक भी आने लगे हैं। टीवी, फ्रीज, वाशिंग मशीन के अलावा मोबाइल, लैपटॉप, मिक्सर ग्राइंडर की खरीदारी बढ़ रही है। पहले एक दिन का कारोबार आठ लाख का थी, अब 12 लाख पर पहुंच गया है।
