सारण से सुशासन की पोल खोलने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक महिला के साथ सरेराह अश्लीलता की हदें पार कर दी गईं। महिला चिल्लाती रही और 6 मनचले उसकी साड़ी खींचते रहे। उसके सीने से छेड़खानी करते रहे। इसका वीडियो वायरल होने के एक दिन बाद बुधवार को पुलिस एक्टिव हुई और 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दो मनचले अभी फरार हैं।
इस संदर्भ में सारण SP संतोष कुमार ने बताया- ‘विगत कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें एक महिला के साथ कुछ युवक अभद्रता करते दिख रहे हैं। वीडियो सारण जिला का बताकर तमाम सोशल प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा रहा था। सारण पुलिस ने उस वीडियो का सत्यापन कर मात्र 8 घंटे के अंदर अभियुक्तों की शिनाख्त कर ली। वीडियो दरियापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मण चौक का है।’ बता दें कि भास्कर के पास वीडियो है, लेकिन हम उसे आपको दिखा नहीं सकते।
महिला के साथ अभद्रता कर रहे 4 युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
वायरल वीडियो में महिला के साथ अभद्रता कर रहे युवकों में से चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो में शिनाख्त के आधार पर कुल 6 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इसमें से चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी युवकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। गिरफ्तार युवकों की पहचान दरियापुर थाना क्षेत्र के अकिलपुर निवासी राकेश राय, पिता शम्भू राय; समनचक निवासी अभिमन्यु राय, पिता जितेंद्र राय; नीतीश कुमार, पिता रूदल राय; आमोद राय पिता गोपाल राय के रूप में हुई है।
अभद्रता की शिकार महिला पुरुष की शिनाख्त नहीं
वायरल वीडियो में पीड़ित महिला का पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला कोई राहगीर होगी। पुलिस ने बताया कि इस संदर्भ में जिले के किसी थाना में कोई आवेदन नहीं है, न ही पीड़ित महिला और पुरुष की पहचान हो सकी है। वायरल वीडियो के आधार पर सारण पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर युवकों पर कार्रवाई की जा रही है।
27 सितंबर की घटना का वीडियो 5 अक्टूबर से हो रहा था वायरल
लोगो ने बताया कि घटना 27 सितंबर की दोपहर 3 बजे के आसपास की है। दरियापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मण चौक के समीप सुनसान सड़क पर महिला-पुरुष कुछ अश्लील कार्य करते हुए पकड़े गए थे। जिसके बाद स्थानीय मनचले युवकों ने महिला के साथ बदसलूकी करते हुए वीडियो बना लिया। यह 5 अक्टूबर से वायरल हो गया था।
विपक्ष ने किया हमला
वीडियो वायरल होने पर विपक्षी दलों ने सरकार पर जमकर हमला बोला। बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस ने ट्वीट में लिखा -“ये है बिहार के छपरा की स्थिति। एक महिला के साथ दिनदहाड़े उसकी इज्जत लूटी जा रही है। आखिर सुशासन किधर है? शासक और प्रशासन का जरा भी भय अपराधियों को नहीं। कैसे बचेगी बिहार की बेटी-बहू?’
आरजेडी के प्रवक्ता ने अरुण कुमार यादव ने लिखा, “बिहार के जिला छपरा की यह अमानवीय घटना है। बिहार में नीतीश-भाजपा गठबंधन की 15 वर्षों से सरकार है। नीतीश सरकार में यह कोई नई घटना नहीं है। प्रदेश में रोज इस तरह की घटनाओं को बेखौफ अपराधी अंजाम देते हैं। नीतीश सरकार महिलाओं की रक्षा करने में पूरी तरह विफल.. शर्म करो सरकार।’
INPUT: Bhaskar