Muzaffarpur में पूजा पंडाल और मां की प्रतिमा को दिया जा रहा ‘फाइनल टच’

मुजफ्फरपुर: मां दुर्गा की पूजा को लेकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पंडाल व मां की प्रतिमा के निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बारिश की आशंका को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए तिरपाल लगाए गए हैं। अघोरिया बाजार चौक, लेनिन चौक, छाता चौक, कल्याणी चौक, गोबरसही चौक, सिकंदरपुर चौक समेत अन्य कई इलाकों में शुक्रवार दोपहर में कारीगर तीव्र गति से पंडाल को अंतिम रूप देने में जुटे दिखे। हालांकि जलजमाव और हो रही बारिश से कारीगरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।




गन्नीपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर में पिछले 56 वर्षों से पूजा हो रही है। इसबार पूजा को देखते हुए जोरों से तैयारी की जा रही है। भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। पूजा समिति के सचिव कौशल मिश्रा ने बताया कि यहां मां की असीम कृपा भक्तों पर होती है। यहां भक्त मां से जो भी मांगते हैं उनकी हर कामना पूर्ण होती हैं। दूर-दूर से दर्शन के लिए लोग यहां पहुंचते हैं। पूजा समिति में टुन्ना मिश्रा, चंद्रशेखर मिश्रा, प्रेम कुमार मिश्रा, बबलू मिश्रा, सुनील कुमारी, रवि, अमरेंद्र मिश्रा आदि अहम भूमिका निभा रहे हैं।


छाता चौक पर बन रहा भव्य पंडाल, राक्षस का वध करती दिखेंगी मां दुर्गा: छाता चौक पर मां दुर्गा की प्रतिमा भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा तैयार की जा रही है। यह साढ़े छह फीट ऊंची है और मां राक्षस का वध करती दिखेंगी। छाता चौक पर पिछले 73 वर्षों से मां दुर्गा की पूजा हो रही है।


इसबार पूजा पंडाल को फूलों और आकर्षक लाइटिग से सजाया जाएगा। वहीं पास स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण पार्क में भी झिलमिल रोशनी से जगमग होगा। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मुन्ना पटेल, सचिव राजीव कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मनोज, राकेश कुमार, अमरनाथ, रंजीत व विपिन कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता सक्रियता से लगे हैं।

INPUT: JNN

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *