मुजफ्फरपुर। वरीय संवाददाता
बेला स्थित बिस्कुट फैक्ट्री के सुपरवाइजर प्रेम कुमार हत्याकांड में पुलिस ने रविवार को एक दर्जन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें बेला रोड स्थित एक कैमरे में बाइक सवार दो संदिग्ध दिखे।
स्थानीय दुकानदारों से भी संदिग्धों की पहचान कराई। बेला पुलिस ने शहर के सभी थाने में दोनों संदिग्धों की तस्वीर पुलिस ग्रुप में पोस्ट की, जिससे इनकी पहचान हो सके।
बेला पुलिस ने बताया कि अपराधियों को चिह्नित करने के लिए कई जगहों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। इसमें बाइक सवार दो संदिग्धों की तस्वीर मिली है। दोनों काफी देर तक बाइक खड़ी कर इंतजार कर रहे थे। इससे पता चल रहा है कि दोनों प्रेम कुमार के आने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस घटना को लेकर कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। इसमें आपसी विवाद, धमकी, फैक्ट्री में काम करने के दौरान विवाद आदि शामिल हैं। थानेदार कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि फुटेज खंगालने पर बाइक सवार दो संदिग्ध दिखे हैं। जल्द ही अपराधियों को चिह्नित कर लिया जाएगा।
