मुजफ्फरपुर। कार्यालय संवाददाता
नल-जल योजना के दौरान शहर के अलग-अलग वार्डों में काटी गई सड़कों की मरम्मत का काम नहीं हो रहा है। लोक सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगे जाने पर नगर आयुक्त ने खुद इस बात को स्वीकार किया है।
हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर यह भी जानकारी दी गई है कि हाल में सड़कों की मरम्मत के लिए सभी इंजीनियर व सभी संवेदकों को कड़ी चेतावनी दी गई है।
जारी आदेश में नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि पाइप बिछने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं होती है, जिस कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस वजह से नगर निगम को कोपभाजन बनना पड़ता है। मरम्मत नहीं होने पर किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो उसके लिए सभी इंजीनियर व संवेदक जिम्मेदार माने जाएंगे। उन्हें कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं, मरम्मत प्राक्कलन में दिए गए मानक के अनुसार सड़कों को दुरुस्त करना है। हाल में सभी 49 वार्डों में खुदाई कर सड़कों को क्षतिग्रस्त किया गया है। जर्जर सड़क और गड्ढों के कारण आम लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि बालूघाट निवासी संजीव कुमार ने लगातार काटी जा रही सड़कों को लेकर निगम प्रशासन से आरटीआई के तहत जवाब मांगा था।
