मछली के लिए खूनी संघर्ष : पैक्स अध्यक्ष और उनके भाई को मारी गई 20 गोलियां, तीसरा भाई गंभीर रूप से जख्मी

मुजफ्फरपुर में गुरुवार को दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, एक की हालत गंभीर है। घटना साहेबगंज थाना के बेरिया गांव की है। दोपहर में मछली मारने (पकड़ने) के विवाद में जमकर गोलीबारी हुई। इसमें पैक्स अध्यक्ष और उनके छोटे भाई की मौत हो गई। जबकि, उसके तीसरे भाई की हालत गंभीर है। इन्हें साहेबगंज PHC में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल हो गया। घटना को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।




घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना की सूचना पर SSP जयंतकांत और SDPO राजेश कुमार मौके पर दलबल के साथ पहुंचे। वहीं काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए SKMCH भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष कुमार सिंह समेत 4 व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग जारी है।


20 दिन से चल रहा था विवाद
मृतकों में गौड़ा गांव के पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी उर्फ भोला साहनी ‌तथा उनके छोटे भाई मुकेश सहनी की जान गई है। जबकि, तीसरा भाई रामनरेश सहनी गंभीर रूप से घायल है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया, ‘मछली मारने (पकड़ने) को लेकर पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी व मनीष सिंह में टकराव की स्थिति बनी हुई थी। 10 फरवरी को गांव के ही मनीष ने पोखर से मछली नहीं मारने देने व रंगदारी मांगने को लेकर साहेबगंज थाने में पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी (मृतक पक्ष) पर FIR दर्ज कराई थी।


जिसमें स्व नागा सहनी के पुत्र रामनरेश सहनी व पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी सहित 5 को आरोपित किया था।’ आरोप है कि 15 फरवरी को ही मृतक पक्ष की ओर से भी थाने में एफ आई आर के लिए दूसरे पक्ष के खिलाफ आवेदन दिया गया। जिसको थाना में दबा दिया गया। दोनों पक्षों में तालाब में मछली मारने को लेकर तनाव चल रहा था।


हथियार लेकर तैयारी के साथ पहुंचा था आरोपी
गुरुवार को पूरी तैयारी के साथ दबंग मनीष सिंह अपने समर्थकों के साथ हथियार से लैस होकर मछली मरवा रहा था। पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी अपने भाई मुकेश सहनी, रामनरेश सहनी व अन्य के साथ मछली मारने से रोकने के लिए पहुंचे। मनीष सिंह की ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई। इसके बाद पैक्स अध्यक्ष व उसके भाई को गोलियों से भून दिया गया।


तीनों भाइयों को साहेबगंज CHC लाया गया। जहां डॉक्टर ने पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी व मुकेश सहनी को मृत घोषित कर दिया। जबकि रामनरेश सहनी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। करीब 50 राउंड गोलीबारी हुई, इसमें पैक्स अध्यक्ष राजेश सहनी को 20 से ज्यादा गोली लगी।

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *