मुजफ्फरपुर में कोल्ड ड्रिंक पिलाकर ई-रिक्शा-मोबाइल और पैसा लूटा, चालक को सड़क किनारे फेंक हुए चंपत

मुजफ्फरपुर। वरीय संवाददाता

सदर थाना के कच्ची-पक्की में नशाखुरानी गिरोह के बदमाशों ने ई-रिक्शा चालक को शिकार बनाया। कोल्ड ड्रिंक में नशा मिलाकर चालक आकाश कुमार को खिलाकर बेहोश कर दिया।

इसके बाद ई-रिक्शा, एक हजार रुपये, मोबाइल आदि लूट लिया। चालक को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की नजर चालक पर पड़ी। उसकी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी और उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

आकाश सरैयागंज में यूबी टावर के पीछे रहता है। वायरल तस्वीर देखकर उसके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। उसकी स्थिति सामान्य बनी हुई है। अर्द्धबेहोशी की हालत में उसने बताया कि वह जीरोमाइल से स्टेशन के लिए ई-रिक्शा चलाता है। बुधवार की शाम तीन लोगों ने स्टेशन पर चलने के लिए उससे भाड़ा तय किया। रास्ते में चालक पर दबाव बनाकर कोल्ड ड्रिंक पिला दिया। कुछ ही देर में वह बेहोश होने लगा। इसके बाद उसे कुछ याद नहीं रहा। सदर थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। छानबीन के लिए पुलिस पदाधिकारी को भेजा गया है। आसपास के सीसीटीवी का फुटेज खंगाला जा रहा है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *