मुजफ्फरपुर। होली में बिहार लौटने वालों पर जीआरपी की विशेष नजर है। दिल्ली, मुंबई, असम समेत अन्य राज्यों से आने वाली ट्रेनों में जीआरपी अभियान चला रही है। गुरुवार को जीआरपी ने अवध असम एक्सप्रेस से आने वाले यात्रियों की जांच की।
इस क्रम में फूट ओवरब्रिज पर एक व्यक्ति को शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान मोतिहारी जिले के छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बरियारपुर गांव निवासी मिंटू सिंह के रूप में हुई है। उसके पास से 28 बोतल विदेशी शराब मिली है। वह अपने रिश्तेदार की शादी में शरीक होने मुजफ्फरपुर आया था। पार्टी में शराब पिलाने की जिम्मेवारी ली थी। वह पूर्व से शराब कारोबार से जुड़ा है। जीआरपी थानेदार दिनेश कुमार साहू ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आगे की करवाई की जा रही है।
