आरपीएफ ने टिकटों की कालाबाजारी की सूचना पर शुक्रवार को इमलीचट्टी व भगवानपुर में छापेमारी की। इस दौरान दोनों जगहों से दो टिकट दलालों को गिरफ्तार किया।
इमलीचट्टी स्थित एक ट्रेवेल्स एजेंसी से चंद्रप्रकाश उर्फ पप्पू सिंह को गिरफ्तार किया गया। यहां पर 28 हजार रुपये के 20 ई आरक्षित रेल टिकट बरामद किए गए।
वहीं, भगवानपुर के रेवा रोड स्थित साइबर कैफे से पारू निवासी संतोष कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। मौके से 75 हजार रुपये के 30 ई आरक्षित टिकट बरामद किए गए। दोनों पर्सनल आईडी का इस्तेमाल कर आईआरसीटीसी की साइट से अवैध रूप से ई टिकट जारी करते थे। आरपीएफ इंस्पेक्टर पीएस दूबे ने दोनों से पूछताछ की। दोनों के नेटवर्क को भी खंगाला। होली के दौरान बड़े पैमाने पर टिकटों की कालाबाजारी की सूचना पर छापेमारी की गई। छापेमारी टीम में एसआईपीएफ गोकुलेश पाठक, सुजीत कुमार मिश्रा, मदन कुमार झा, नीरज कुमार सिंह, एलबी खान, चंद्र देव नारायण सिंह व सुभाष पांडेय आदि थे।
