कांटी से चांदनी चौक तक फोरलेन पर 14 जगहों पर अवैध कट के कारण हादसे हो रहे हैं। इन कट को बंद करने के लिए शनिवार को एनएचएआई की टीम नरसंडा चौक पहुंची।
कट बंद करने का स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान लाठी-डंडे लेकर पहुंचे कुछ युवकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना शाम साढ़े पांच बजे की है।
हमले से एनएचएआई की टीम को मौके से हटना पड़ा। कांटी पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस पहुंची, तब नरसंडा चौक पर कट बंद किया गया। एनएचएआई के कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद हो चुकी है। फुटेज की तस्वीर पुलिस को सौंपी गई है। इसके साथ ही एनएचएआई कर्मियों ने कांटी थाने में मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ शिकायत दी है। थानेदार संजय कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से मारपीट करने वालों को चिह्नित करने की कोशिश की जा रही है।
