हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच पर भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिठौली गांव के समीप साबुन से भरी एक पिकअप वैन बीच सड़क पर पलट गई। इस घटना में पिकअप वैन के चालक और खलासी बाल- बाल बच गए।
घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद पिकअप वैन का चालक और खलासी पिकअप में फंसे रहे और पिकअप पर लदे दो सौ कार्टन से भी अधिक साबुन स्थानीय लोग एवं राहगीरों ने लूट कर भाग निकले। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन में फंसे चालक और खलासी को स्थानीय लोगों के सहयोग से गाड़ी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते हैं भगवानपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को बीच सड़क से उठाकर सड़क किनारे करते हुए सड़क पर आवाजाही शुरू कराया।
घटना के संबंध में दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन के चालक जहानाबाद जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बरबट्टा गांव निवासी रामाश्रय यादव के पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि पटना से दो सौ सात कार्टन डिटाल साबुन लोड कर मुजफ्फरपुर के लिए चले थे। घटनास्थल के समीप एकाएक गाड़ी अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गई। चालक ने बताया कि हम गाड़ी में ही फंसे रहे तथा पांच मिनट में ही लोग सारे साबुन के कार्टन को लूट कर भाग निकले। घटना के बाद भगवानपुर पुलिस आसपास के घरों में छापेमारी करते हुए करीब दो दर्जन से अधिक साबुन के कार्टन को बरामद किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि घटना के बाद सड़क पर बिखरे साबुन के कार्टन को कुछ लोग उठा ले गए हैं जिसे बरामद करने के लिए छापेमारी जारी है।
