मुजफ्फरपुर में सुधरेगी सरकारी स्कूलों की हालत, 85 स्कूलों में बेंच-डेस्क के लिए 3.93 करोड़ रुपये हुए स्वीकृत

मुजफ्फरपुर। शिक्षा विभाग की ओर से जिले के मध्य विद्यालय और नव उत्क्रमित उच्च माध्यमिक स्कूलों में बेंच-डेस्क की खरीद के लिए 3.93 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। यह राशि जिले को भेज दी गई है।

बताया गया कि जिले के सभी चिह्नित स्कूलों में फर्नीचर की खरीद के लिए दो लाख रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से राशि दी जानी है। जिले के सभी 16 प्रखंड और नगर क्षेत्र को मिलाकर कुल 85 स्कूलों को चिह्नित किया गया था। जिले के इन स्कूलों में राशि आवंटन की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू करने की बात कही जा रही है। यह राशि आवंटित होते ही उक्त स्कूलों में बेंच-डेस्क की कमी पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद उपस्करों के लिए छात्र-छात्राओं को हो रही बेंच-डेस्क की किल्लत दूर हो जाएगी।

विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सूबे के 38 जिलों में 2803 स्कूलों में 1,99,500 बेंच-डेस्क के लिए कुल 99 करोड़ 75 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें मुजफ्फरपुर में 85 स्कूलों में 7868 स्कूलों के लिए 3.93 करोड़ रुपये दिए गए हैं। बता दें कि पंचायतों में नौवीं की पढ़ाई शुरू करने का अप्रैल 2020 में ही निर्देश दिया गया था, लेकिन कोरोना के कारण लाकडाउन के कारण स्कूल बंद हो गए थे। ऐसे में स्कूलों में बेंच-डेस्क के लिए राशि उपलब्ध नहीं कराई जा सकी थी। 13 जनवरी को लोक वित्त समिति और 28 जनवरी को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति के बाद विभाग ने राशि स्वीकृति का आदेश जारी किया है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *