वर्षों बाद मोतीझील स्थित पांडेय गली से सटे रेलवे ट्रैक के नीचे कल्वर्ट की सफाई शुरू हो गई। रविवार की सुबह से एजेंसी व नगर निगम की टीम सिल्ट निकालने में जुट गई थी।
ट्रैक के नीचे से सिल्ट निकालने के लिए पहले मेन आउटलेट को दोनों ओर से मिट्टी का बैग रखकर बंद कर दिया गया। पानी का बहाव रुकने पर सफाई का काम शुरू हुआ, लेकिन दूसरी ओर मोतीझील से कल्याणी चौक व इसके आसपास के इलाकों में जलजमाव हो गया। देर शाम मोतीझील में डेढ़ फीट के करीब नाला का पानी लग चुका था। वहीं, पांडेय गली के एक दर्जन घरों में भी पानी जमा हो गया।
ट्रैक की सफाई के लिए पंप लगाया गया है। फिलहाल, एक ओर मैन्युअल व जेसीबी लगाकर सफाई हुई। ट्रैक की दूसरी ओर जेसीबी पहुंचने का रास्ता नहीं था, जिस वजह से मैन्युअल ही सिल्ट निकाला गया। दोनों ओर 100 से अधिक सफाई कर्मी काम कर रहे थे। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने खुद मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटा सफाई का निरीक्षण किया। साथ ही पंखाटोली की ओर सिल्ट निकालने के लिए जेसीबी के साथ निगम की एक टीम को लगाया गया। कल्वर्ट की सफाई के लिए एक एजेंसी को ठेका दिया गया है, जिसे निगम की टीम गाइड कर रही है। इस दौरान सिटी मैनेजर ओम प्रकाश, सफाई से जुड़े अजय कुमार, कौशल किशोर, रेलवे व निगम के इंजीनियर मौजूद थे।
