दशकों से लखनदेई नदी से बाढ़ का दंश झेल रहे औराई के करीब ढाई लाख लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जल संसाधन विभाग ने रुन्नीसैदपुर से मोहनपुर तक 14 किलोमीटर में दोनों तरफ तटबंध पुननिर्माण का निर्णय लिया है।
राजस्व व भूमि सुधार मंत्री राम सूरत राय की पहल पर इस तटबंध के लिए 84 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है।
रून्नीसैदपुर से मोहनपुर तक दोनों तरफ 24 किलोमीटर बांध का निर्माण किया जाएगा। इससे रुन्नीसैदपुर से मोहनपुर के बीच आने वाले राजखंड, औराई, चहुंटा, धसना, गंगेया, बथुआ समेत 20 पंचायत के लोगों को राहत मिलेगी। तटबंध न होने के कारण हर साल लखनदेई इन 20 पंचायतों को डूबोती है व इसके सड़कों को उखाड़ ले जाती है। बाढ़ के दौरान हर साल इन गांवों के लोग विस्थापित होते हैं और करीब तीन माह बाद पानी उतरने के साथ अपने घरों को लौटते हैं। लखनदेई नदी के पानी जमा होने के कारण औराई प्रखंड में करीब दर्जन भर चचरी पुल हर साल लोगों को बनाना पड़ता है। पिछले साल लोगों द्वारा आंदोलन के बाद इसके तटबंध की तीन जगहों पर मरम्मत की गई लेकिन यह अब भी 12 जगहों पर समतल हो चुका है। राजस्व व भूमि सुधार मंत्री राम सूरत राय ने बताया कि मामले में जल संसाधन मंत्री से बातचीत के बाद पहल शुरू हो गई है। कार्यपालक अभियंता ने विभाग की मांग पर इस 24 किलामीटर तटबंध के लिए 84 करोड़ रुपये का डीपीआर बनाकर मुख्यालय भेजा है, जिसकी स्वीकृति मिलने वाली है। यदि इस तटबंध का निर्माण होता है तो औराई व कटरा के 20 से अधिक पंचायत के लोगों को राहत मिलेगी।
