Muzaffarpur में NH 28 पर लगा कई किमी लंबा भीषण जाम, घंटों तक रेंगती रही गाड़ियां

एनएच 28 पर रामदयालू और चांदनी चौक के पास निर्माण कार्य होने के कारण मंगलवार को दिन में छह घंटे का जाम लगा रहा। इससे गाड़ियों की लंबी कतार दोनों जगह पर आठ किमी तक लग गई।

इस दौरान दोपहिया वाहनों को भी निकलने में परेशानी हुई। जाम में फंसे लोग सोशल मीडिया ग्रुप पर मैसेज व तस्वीर वायरल करने लगे। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम से वायरलेस पर ब्रह्मपुरा, सदर और कांटी थाने की पुलिस को निर्देश जारी किया गया।

सदर थानेदार सत्येंद्र मिश्र ने बताया कि रामदयालू नगर में एनएच पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसके लिए पहले से ही ट्रैफिक में व्यवधान है। वहीं, रामदयालू रेलवे गुमटी के बंद होने से वाहनों की कतार और बढ़ गई। इस कारण रामदयालू से एक ओर खबड़ा व दूसरी ओर मधौल तक वाहनों की कतार लग गई। इसी तरह चांदनी चौक ओवरब्रिज के पास भी एनएचएआई की ओर से निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण जाम लग गया। देखते-देखते वाहनों की कतार एक ओर सदातपुर तक और दूसरी ओर भगवानपुर तक लग गई।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *