मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रेलखंड के रून्नीसैदपुर स्टेशन पर बुधवार को बवाल के कारण चार घंटे तक ट्रेनों का परिचालन ठप रहा। ग्रामीणों ने अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रेलवे लाइन पर प्रदर्शन किया।
इस कारण सीतामढ़ी रेलखंड से गुजरने वाली दो ट्रेनें घंटों फंसी रहीं। सीतामढ़ी से सुबह 10.35 बजे मुजफ्फरपुर जंक्शन आने वाली 05595 पैसेंजर ट्रेन दोपहर दो बजकर दस मिनट पर जंक्शन पर आयी। इससे मुजफ्फरपुर आने वाले सैकड़ों यात्री सीतामढ़ी में फंसे रहे।
वहीं रक्सौल से दानापुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रून्नीसैदपुर स्टेशन पर तीन घंटे तक फंसी रही। इस ट्रेन से मुजफ्फरपुर, हाजीपुर व पटना जाने वाले सैकड़ों यात्री फंसे रहे। ट्रेनें विलंब होने से कार्यालय आदि कार्यों से आने वाले लोगों को बिना काम कराये लौटना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी डॉक्टर से मिलने के लिए शहर आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को हुई।
प्रदर्शन लंबा चलने पर ट्रेन में सवार यात्रियों ने आक्रोश जताया। साथ ही आरपीएफ व रेलवे की भूमिका पर सवाल उठाया। प्रदर्शनकारियों ने रून्नीसैदपुर स्टेशन पर रक्सौल-पाटलिपुत्र पैसेंजर ट्रेन, सीतामढ़ी-आनंद विहार लिच्छवी एक़्सप्रेस व सदभावना आदि ट्रेनों के ठहराव की मांग की। सीतामढ़ी की आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिता कुमारी ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाया।
