पुलिस, उत्पाद विभाग के बाद अब जिला प्रशासन भी शराब धंधेबाजों और पियक्कड़ों को पकड़ने के लिए सड़क पर उतर चुकी है। होली से पूर्व मुजफ्फरपुर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड तक पैनी नजर रखी जा रही है। संदिग्धों की जांच की जा रही है। दूसरे प्रदेश से आने वालों की तलाशी ली जा रही है। बुधवार देर शाम से लेकर रात तक SDO पूर्वी ज्ञान प्रकाश टीम के साथ बैरिया बस स्टैंड में जांच अभियान चला रहे थे। बताया कि बिहार सरकार के आदेश के आलोक में होली पर्व को देखते हुए मद्य निषेध अभियान के तहत ब्रेथ एनालाइजर द्वारा लोगों की जांच की जा रही है। साथ ही तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। बताया कि शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों के साथ हाट बाजार एवं अन्य जगहों पर जांच अभियान जारी रहेगा।
होटलों पर विशेष निगरानी
उत्पाद विभाग की टीम ने हाइवे किनारे स्थित ढाबा और लाइन होटलों पर विशेष निगरानी करना शुरू कर दिया है। सादे लिबास में विभिन्न इलाकों में टीम की तैनाती कर दी गयी है। मोतीपुर, साहेबगंज, देवरिया, पारू, कांटी, रामदयालु, कफेन, सकरा और गायघाट पर विशेष नजर रखी जा रही है। क्योंकि इन इलाकों में पहले भी होटलों पर कार्रवाई हुई है। वहां से शराब बरामद हुआ था। उत्पाद इंस्पेक्टर कुमार अभिनव ने बताया की जिन होटलों पर पूर्व में कार्रवाई हुई है। वहां भी नजर रखी जा रही है। अक्सर शराब धंधेबाज उन्हीं जगह को सेफ जोन बना लेते हैं। जहां पहले कार्रवाई हो चुकी होती है।
शहर से लेकर हाइवे तक पुलिस तैनात
SSP जयंतकांत ने सभी DSP और थानेदारों को निर्देश दिया है कि शाम से ही सभी अपने-अपने क्षेत्र में निकलें। शहर से लेकर हाइवे तक सघन अभियान चलाया जाए। बाइक सवार और फोर व्हीलर वालों की भी तलाशी लें। बाहर से आने वाली वाहनों पर विशेष नजर रखें। किसी भी हाल में शराब की डिलीवरी नहीं होनी चाहिए
