मुजफ्फरपुर में बुजुर्ग महिला की मौत पर भारी बवाल, पुलिस पर रेड के दौरान धक्का दे गिराने का आरोप

मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के पकड़ी इस्माइल में शराब छापेमारी के दौरान एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसके परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उसके बाद गोबरसही चौक पर मृतका का शव रखकर जमकर बवाल किया गया। इस दौरान आक्रोशितों ने टायर जलाकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।




वहीं, घटना की सूचना पर पहुंची सदर पुलिस को परिजन व ग्रामीणों का आक्रोश झेलना पड़ा। पुलिस ने आक्रोशितों को समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन, वह नहीं माने। इस दौरान करीब 3 घंटे से अधिक समय तक सड़क पर जाम लगा रहा। इस दौरान सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई।


इधर, सदर थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्र भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद आक्रोशित लोगों को किसी तरह समझाकर शांत कराया। इसके बाद महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए SKMCH भेजा। मृतका पकड़ी इस्माइल निवासी चिंता देवी थी। मामले में सदर थानेदार ने बताया कि पुलिस द्वारा छापेमारी नहीं की गई है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान महिला की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मृतका व उनके परिजन ताड़ी का व्यवसाय करते हैं। छानबीन की जा रही है।


आधी रात को पुलिस पहुंची, 10 बोतल ताड़ी में कुछ फेंका
मृतका के परिजन व ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि देर रात पुलिस छापेमारी करने पहुंची थी। वे लोग ताड़ी का व्यवसाय करते हैं। उनसे परिवार का भरण-पोषण करते है। कहा कि वे लोग खाना खाकर सो गए थे। इसी बीच अचानक से पुलिस आ धमकी।


इसके बाद छापेमारी शुरू कर दी। घर की तलाशी ली गई। इस दौरान 10 बोतल ताड़ी मिली। उसमे से कुछ उन्होंने फेक दिया। इसी बीच महिला ने इसका विरोध किया। इसपर पुलिस ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। आरोप है कि इसमें ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद मौके से पुलिस निकल गई।


परिजनों ने कहा कि पुलिस उन्हें बेवजह का परेशान करती है। इधर, थानेदार का कहना है कि महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, छानबीन की जा रही है।

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *