मुजफ्फरपुर, जासं। होली में देशी या चुलाई शराब से किसी तरह की घटना को रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट हो गया है। डीएम प्रणव कुमार ने आदेश जारी कर जिला के सभी मुशहर टोलों, शराब के दृष्टिकोण से चिह्नित सभी भेद्य क्षेत्र, पांच छापेमारियों में बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी वाले संवेदनशील स्थानों पर लगातार करने का आदेश दिया है।
इसके साथ ही 35 थाना क्षेत्रों के लगभग सौ संवेदनशील स्थानों की सूची जारी की है। सभी स्थानों के साथ अक्षांश और देशांतर को भी दर्शाया गया है, ताकि जरूरत पडऩे पर यहां ड्रोन से भी कार्रवाई की जा सके।
जारी आदेश में डीएम ने भेद्य स्थानों पर शराब से संबंधित गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने, लगातार भ्रमण गश्ती, निगरानी एवं आसूचना संग्रहण एवं आवश्यकतानुसार कार्रवाई छापामारी करने का आदेश दिया है। वहीं क्षेत्र के आमजनों से समन्वय बनाकर शराब के निर्माण, खरीद बिक्री एवं सेवन के संबंध में सूचना प्रदान करने के लिए प्रेरित करने को कहा है। जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका को निर्देश दिया गया है कि सूची में चिन्हित स्थलों से किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी होती है तो उसका नाम, परिवार का नाम पता सूचीबद्ध करते हुए सतत् जीविकोपार्जन योजना में जोडऩा सुनिश्चित करें।
पारू में कार से शराब जब्त, दो धंधेबाज गिरफ्तार
पारू, संस : थाना क्षेत्र के जाफरपुर चौक के अंबरा रोड में पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक कार से तीन बोतल और 90 पीस फ्रूटी शराब के साथ दो धंधेबाज को गिरफ्तार किया। थानेदार राजेंद्र साह ने बताया कि कार में शराब रखकर जाफरपुर चौक के पास अंबरा रोड में खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने पर धंधेबाज भागने लगे। इस पर कार्रवाई कर काजी महम्मदपुर थाने के माड़ीपुर पीडब्ल्यूडी रोड के सुशील कुमार व जाफरपुर गांव निवासी घनश्याम रस्तोगी को पकड़ा गया। थानेदार ने बताया कि पूछताछ में माड़ीपुर पीडब्ल्यूडी रोड के मो.सुल्तान, पारू थाने के खुटाही गांव के सौरभ कुमार चौधरी, सुमित कुमार चौधरी, जाफरपुर गांव के प्रिंस रस्तोगी व छाप गांव के कुंदन सिंह के नाम पता चले हैैं। इनकी गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।
