मुजफ्फरपुर में RJD के MLC उम्मीदवार के 4 बॉडीगार्ड गिरफ्तार, 3 राइफल और 1 पिस्टल भी मिला, पूछताछ जारी

मुजफ्फरपुर में राजद MLC उम्मीदवार शंभू सिंह के चार बॉडीगार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके पास से 3 रायफल और एक पिस्टल बरामद की गई। इन सभी को विशेष टीम में अहियापुर इलाके से दबोचा। गिरफ्तारी की पुष्टि SSP जयंतकांत ने की है। कहा कि आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के तहत इनकी गिरफ्तारी हुई। इनके पास से जो आर्म्स मिले हैं। उसे जब्त कर लिया गया है। इसकी मजिस्ट्रेट से भी जांच कर सत्यापन कराने की कवायद की जा रही है। पूछताछ में पता लगा कि इनके पास जम्मू काश्मीर का लाइसेंस है, लेकिन अब यह सत्यापन करना है कि क्या यह ऑल इंडिया परमिट है या सिर्फ जम्मू काश्मीर में भी वैलिड है। इसलिए मजिस्ट्रेट से जांच करवाई जाएगी।

आदर्श आचार संहिता लागू है
SSP ने बताया कि आगामी 4 अप्रैल को MLC का चुनाव होना है। आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में इस तरह आर्म्स लेकर सरेआम घूमना कानून का उल्लंघन है। इसी आधार पर इन चारों की गिरफ्तारी हुई है। इनकी पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के मुन्ना शुक्ला, UP बलिया के अनिल कुमार ठाकुर, मुजफ्फरपुर के कटरा धनौर के मुरारी कुमार और अहियापुर सहबाजपुर के महेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। आगे की कार्रवाई जारी है। अगर सत्यापन में जब्त आर्म्स और इसके कागजात अवैध पाए गए तो इन चारों के अलावा प्रत्याशी पर भी केस दर्ज किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में तो बिहार में अवैध होने का ही पता लगा है। मजिस्ट्रेट जांच के बाद ही फैक्ट सामने आएगा।

वोटर को डराने की थी सूचना
टाउन DSP ने बताया कि सूचना मिली थी कि आर्म्स से लैस कुछ लोग वोटरों को डराने धमकाने का काम कर रहे हैं। इसी आधार पर विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया था। टीम ने सटीक लोकेशन के आधार पर अहियापुर में रेड कर चारों को दबोच लिया। जब इनसे पूछताछ की गई तो अपने को राजद उम्मीदवार शंभू सिंह का बॉडीगार्ड बताया। आर्म्स के सम्बंध में पूछने पर कोई सही जवाब नहीं मिला। सिर्फ बताया कि इसका लाइसेंस है और जम्मू काश्मीर का है। दूसरे राज्य का लाइसेंस की बात पता लगते ही चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।

शंभू से भी हुई पूछताछ
चारों की गिरफ्तारी होने पर उम्मीदवार शम्भू सिंह को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया। उनसे चारों के संबंध में पूछताछ हुई। टाउन DSP खुद पूछताछ कर रहे थे। शंभू सिंह ने बताया कि ये चारों उनके समर्थक है। आर्म्स का लाइसेंस भी है। करीब एक घन्टे तक पूछताछ करने के शम्भू को छोड़ दिया गया। लेकिन, उन चारों को थाना हाजत में रखा गया है।

शम्भू ने कहा- जान को खतरा है
बातचीत में शम्भू सिंह ने कहा कि चारों उनके बॉडीगार्ड नहीं समर्थक है। उनकी जान को खतरा है। सरकार से सुरक्षा मांगी थी। लेकिन, नहीं मिली। तो ये लोग खुद उनकी सुरक्षा में उतर आए। इसमें से कुछ तो रिटायर फौजी हैं। इन लोगों ने रिटायरमेंट के बाद वहां से लाइसेंस लिया था। सब वैलिड है। किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि ये विपक्षी की साजिश है। उन्हें बेवजह बदनाम करने और फंसाने की साजिश रची जा रही है। लेकिन, उन्हें जितना परेशान किया जाएगा। उतना ही जनता आक्रोशित होगी। विपक्षी की इस हरकत के कारण जनता में आक्रोश है, जनप्रतिनिधि आक्रोशित हैं। वे लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को तैयार हैं। पूरा जन समर्थन उनके साथ है। उन्होंने कहा कि हमें थाना पर बुलाया नही गया था। हम खुद गए थे। अपने समर्थक का उत्साह बढ़ाने। वहां जाने पर पुलिस ने हमसे जो पूछा। वह हमने बता दिया।

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *