पूर्व मध्य रेलवे की रिकॉर्डतोड़ वसूली, 32 लाख से अधिक बेटिकट यात्रियों को पकड़ 182 करोड़ से अधिक जुर्माना वसूला

2021-22 में कोविड लहर के बावजूद टिकट चेकिंग से रिकॉर्ड आय अर्जित की गयी है। माह अप्रैल-मई में लॉकडाउन समाप्ति के उपरांत ट्रेनों का आवागमन सामान्य हुआ तथा ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी की गई। साथ ही कुछ ट्रेनों में माह अक्टूबर से अनारक्षित टिकटों की सुविधा भी प्रदान की गई।

दशहरा एवं छठ पर्व के समाप्त होने के उपरांत यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई। साथ ही साथ बिना टिकट यात्रा करने वालों के विरूद्ध सख्ती भी बढ़ाई गई। विशेष टिकट जांच अभियान पांचों मंडलों के महत्वपूर्ण स्टेशनों एवं ट्रेनों में चलाए गए जिनमें वाणिज्य विभाग के साथ-साथ सभी विभाग के अधिकारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल ने सक्रिय योगदान दिया।

वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल 32.04 लाख बिना टिकट यात्री पकड़े गये जिनसे कुल 182.84 करोड़ रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई जो निर्धारित लक्ष्य की तुलना में 35 प्रतिशत और वित्तीय वर्ष 2019-20 की तुलना में 51 प्रतिशत अधिक है । दानापुर मंडल ने 56.70 करोड़, पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने 21.89 करोड़, धनबाद मंडल ने 18.83 करोड़, सोनपुर मंडल ने 35.29 करोड़ एवं समस्तीपुर मंडल ने 50.12 करोड़ का रेल राजस्व प्राप्त किया ।

पांचों मंडलों में दानापुर मंडल द्वारा टिकट चेकिंग से सर्वाधिक रेल राजस्व प्राप्त किया गया है । इसमें पटना जं. पर कार्यरत टिकट चेकिंग स्क्वायड-04 के टिकट परीक्षक शशि कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *