मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहा में सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस पर हमला व बोलेरो जलाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा रहा है कि भीड़ उग्र हो चुकी है। वही, पुलिस पीछे हट रही है। इसके बावजूद उपद्रवी पुलिस के साथ गाली-गलौज व लाठी-डंडे दिखा रहे हैं। वहीं धक्का-मुक्की की जा रही है। देखते ही देखते युवक बोलेरो की ओर बढ़ता है। इसके बाद वीडियो बंद हो जाती है।
बताया जाता है कि इसी दौरान बोलेरो गाड़ी फूंक दी गई। जिसके बाद पुलिस को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। वीडियो में लाल रंग के टीशर्ट में दिख रहे उपद्रवी का नाम अनुभव है। वह मास्टरमाइंड है। उसी ने भीड़ को उकसाया था। वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस उसे लगातर समझाने का प्रयास कर रही है। लेकिन, वह मानने को तैयार नहीं है। इधर, वीडियो के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि वीडियो फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी अभिनव कुमार, विवेक कुमार और बबलू कुमार को अहियापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार झपहा ओपी के पास हुई झड़प का मास्टरमाइंड अभिनव है। उसी ने भीड़ को उकसाने के साथ ही पुलिस की गाड़ी में आग लगा दी थी। इतना ही नहीं, पुलिस के बांस-बल्ली से पिटाई भी कर दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। इधर, अहियापुर थानेदार विजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें 23 नामजद व सवा दो सौ अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
