मुजफ्फरपुर में नशीला स्प्रे छिड़क लाखों की चोरी, बेटी की शादी को रखे गहने व बाइक समेत लाखों का माल साफ

मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना के कोल्हुआ पैगम्बरपुर में देर रात चोरों ने नशीला स्प्रे छिड़ककर एक घर से लाखों की सम्पत्ति चोरी कर ली। घटना की जानकारी बुधवार की अहले सुबह घर के लोगों को लगी। जब उनलोगों की नींद खुली। कमरे की हालत और बिखरे हुए सामान देखकर सभी दंग रह गए। छानबीन करने पर चोरी का पता लगा। मोहम्मद लतीफ उर्फ ननकी ने इसकी सूचना अहियापुर पुलिस को दी।

गश्ती पदाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने उनके घर से एक बाइक, 5 हजार कैश और एक लाख रुपये से अधिक के गहने की चोरी कर ली। उक्त गहने उन्होंने अपनी बेटी की शादी को रखे थे। इसी साल बेटी की शादी करने वाले थे। कई जगहों पर रिश्ते की बात चल रही थी। लेकिन, अब सब बर्बाद हो गया।

बताया कि वे प्राइवेट गाड़ी चलाते हैं। उनकी पत्नी दूसरे के घरों में बर्तन-पोछा करती है। रात को खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गए थे। उनकी पत्नी और बेटी एक कमरे में थी और वे अकेले दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान रात को पीछे के रास्ते से चोर घर मे घुस गए। उनलोगों को आहट सुनाई नहीं पड़ी। चोरों ने पेटी-बक्सा में से जेवरात और कैश चोरी किया। फिर बरामदे पर से बाइक चोरी कर भाग गए। जब सुबह चार बजे उनकी नींद खुली और शौच करने के लिए बाहर निकले तो सिर भारी लग रहा था। इसी दौरान कमरे की हालत और बिखरे हुए सामान पर नजर पड़ी तो दंग रह गए। फिर पत्नी और बेटी को उठाया।

उनलोगों ने सिर भारी और हल्का दर्द होने की बात कही। इसी से आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने नशीला स्प्रे छिड़ककर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घटना के पीछे आसपास के ही नशेड़ियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *