बीआरए बिहार विवि के स्नातक पार्ट वन में दाखिले के लिए एक हफ्ते में पोर्टल खुल जाएगा। विवि प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस बार कम अंक पर ही कटऑफ जारी होने की संभावना है।
ऐसे में कम अंक वाले छात्रों का भी इस बार दाखिला हो सकता है।
बिहार विवि के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार ने बताया कि पोर्टल खुलने संबंधित सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। एडमिशन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। इसके लिए इंस्पेक्शन सेक्शन से सत्र 2022-25 में जितने भी संबद्धन कॉलेज हैं उनकी सूची मांगी गयी है। क्योंकि, कई ऐसे भी अस्थाई संबद्धन वाले कॉलेज हैं जिनकी मान्यता 2022 में खत्म हो चुकी है। इसलिए जिन कॉलेजों की संबद्धता है उनका ही नाम पोर्टल पर चढ़ाया जाएगा। बताया कि इस बार पिछले वर्ष से अधिक कॉलेजों में पार्ट वन में दाखिला होगा और छात्रों की संख्या भी अधिक होगी। कॉलेज व छात्रों की संख्या अधिक होने से एडमिशन के लिए कटऑफ पिछली बार से कम होगा। एडमिशन की सारी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। छात्रों को आवेदन के बाद एक ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी पर कंफर्मेशन के बाद ही छात्रों के आवेदन को सही माना जाएगा। वहीं, इस बार छात्रों को आवेदन में एक ही ईमेल आईडी देना होगा। वह भी उनकी अपनी होनी चाहिए। छात्रों के मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी पर ही नामांकन से संबंधित सारी सूचना भेजी जाएगी।
