अच्छी खबर: मुजफ्फरपुर शहर को मिलने जा रहा है बूढ़ी गंडक नदी पर एक और पुल, जाम की समस्या से मिलेगा छुटकारा

मुजफ्फरपुर, जासं। शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए अखाड़ाघाट में एक और पुल का निर्माण होगा। केंद्रीय सड़क निधि (सीआरआइएफ) से निर्माण की स्वीकृत सरकार ने दे दी है। राज्य के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।

प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि बूढ़ी गंडक पर करीब 663 मीटर लंबे इस पुल के बनने से शहर में जाम की समस्या को काफी कम किया जा सकेगा। इसपर करीब 42.77 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मंत्री ने जिले के दो अन्य महत्वपूर्ण पुल चंदवारा घाट व आथरघाट पुल के इस वर्ष चालू होने की बात कही। कहा कि बरसात से पूर्व आथरघाट पुल को पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा। वहीं भू-अर्जन की समस्या से चंदवारा पुल में देरी हुई। इस वर्ष के अंत तक इसे भी चालू कर दिया जाएगा।

दादर की ओर बनेगा नया पुल

अखाड़ाघाट पुल से दादर की ओर नए समानांतर पुल का निर्माण किया जाएगा। पुल निर्माण निगम ने पहले ही अलाइनमेंट तय कर सरकार को प्रस्ताव भेजा था। अब सरकार की स्वीकृति के बाद लंबे समय की मांग पूरी हो जाएगी। इस पुल के बनने से शहर व ग्रामीण क्षेत्र से आवागमन और सुगम हो जाएगा। शहर का उत्तरी भाग ग्रामीण क्षेत्र पड़ता है। शहर में काम करने वाली बड़ी आबादी उधर ही रहती है। इससे सुबह और शाम के समय अखाड़ाघाट पुल पर जाम लगा रहता है। नए पुल के निर्माण से आवागमन में लोगों को कम समय लगेगा।

इन योजनाओं के पूरा होने की डेडलाइन भी तय

– जिले में कुल 702 किमी पथ निर्माण विभाग की सड़के हैं। इनमें 47.80 किमी लंबाई का एक राज्य उच्च पथ संख्या-74 है। शेष सभी जिला पथ हैैं।

– अभी आठ पुलों का निर्माण चल रहा है। इसमें 55.56 करोड़ की लागत आई है।

– पश्चिमी बाईपास (मधौल-पताही-लश्करीपुर) के रुके कार्य को तेज किया गया है।

– मधौल से पताही तक कार्य जून 2022 तक पूरा कर लिया जाएगा। पताही से लश्करीपुर तक बाईपास में आरओबी व फ्लाईओवर का निर्माण दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *