आखिरकार थम गया चुनाव प्रचार: कल होगा 13 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला, 350 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग

बोचहां विधानसभा उपचुनाव को लेकर रविवार को चुनाव प्रचार थम गया। मंगलवार को यहां 350 मतदान केंद्रों पर 290764 मतदाता 13 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। रविवार शाम डीएम प्रणव कुमार ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को सभी बूथों पर मतदान कर्मी पहुंच जाएंगे। बोचहां विधानसभा क्षेत्र में 153078 पुरुष और 137682 महिला मतदाता के अलावा चार अन्य मतदाता शामिल हैं।

411 लोगों को पोस्टल मत पत्र की सुविधा दी गई है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को सुविधा देने के लिए कुल 350 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 285 मूल मतदान केंद्र, 65 सहायक मतदान केंद्र और 54 उपसहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। डीएम ने बताया कि भयमुक्त व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है। सभी बूथों पर सशस्त्र बल तैनात रहेंगे।

मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 तक होगा। चुनाव में कुल 15 कंपनियां अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। इसमें सीआईएसएफ की पांच, एसएसबी की पांच, आईटीबीपी की दो और सीआरपीएफ की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा जिला पुलिस को भी सुरक्षा में लगाया गया है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 35 अतिरिक्त लोगों पर धारा 107 की कार्रवाई की गई है। धारा 116 के तहत 983 लोगों से बांड लिया गया है। गैर जमानती वारंट जारी किए गए हैं।

आज लक्ष्मी चौक और संगम चौक ब्रह्मपुरा से सिकंदरपुर चौक तक वन-वे ट्रैफिक

बोचहां उप चुनाव को लेकर नेहरू स्टेडियम सिकंदरपुर में सोमवार को पीसीसीपी डिस्पैच का काम होगा। इस दौरान वाहनों एवं मतदान कर्मियों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए लक्ष्मी चौक, संगम चौक ब्रह्मपुरा से लेकर सिकंदरपुर चौक तक जिला प्रशासन ने वन वे लागू कर दिया है। वन वे व्यवस्था के पालन को लेकर लक्ष्मी चौक व संगम चौक पर सुबह 10 बजे से मजिस्ट्रेट व फोर्स की तैनाती की गई है। थानाध्यक्ष यातायात व ब्रह्मपुरा को उक्त मार्ग को वन वे बनाए रखने को लेकर सभी आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *