मुजफ्फरपुर। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि
बाबा गरीबनाथ धार्मिक न्यास बोर्ड की बैठक सोमवार को आयुक्त मीहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें सर्वसम्मति से कई प्रस्तावों पर मुहर लगाया गया।
मंदिर परिसर में एक राष्ट्रीयकृत बैंक का एक्सटेंशन काउंटर खोलने का निर्णय हुआ। वहीं, मंदिर में अब ऑनलाइन सुविधा प्रदान कराई जाएगी। मंदिर की गलियों को केसरिया व पीले रंगों से रंगा जाएगा।
आयुक्त ने कहा कि मंदिर के सामने व आसपास की जो भी दुकानें हैं उनमें भक्ति संगीत बजेंगे। इसके लिए उन्हें एक ऑडियो क्लिप उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, मंदिर में सेवा देने वाले सभी पुजारियों को वैदिक कर्मकांड का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। मंदिर परिसर में होने वाले सभी आयोजन का शुल्क चार्ट तैयार कर मंदिर में प्रदर्शित किया जाए। गरीबनाथ मंदिर में पर्व-त्योहार के अलावा अन्य दिनों में भी काफी भीड़ रहती है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर के अंदर एवं बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। बैठक में मंदिर के प्रधान पुजारी विनय पाठक के साथ सभी सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद थे।
