मुजफ्फरपुर। वरीय संवाददाता
बीआरए बिहार विवि में स्नातक पार्ट वन की परीक्षा का फॉर्म अब 20 अप्रैल तक भरा जाएगा। इसके लिए सोमवार को अधिसूचना जारी की गई। पहले परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 11 अप्रैल तक थी।
लेकिन, कम छात्रों के ही फॉर्म भर पाने और कई कॉलेजों की ओर से लगातार रजिस्ट्रेशन स्लिप भेजने के कारण तारीख बढ़ानी पड़ी।
बिहार विवि 20 अप्रैल से पार्ट वन सत्र 2020-23 की परीक्षा लेने पर विचार कर रहा था, लेकिन अब परीक्षा की तारीख आगे बढ़ानी पड़ेगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि फॉर्म भरे जाने के बाद ही परीक्षा की तारीख जारी की जाएगी। पार्ट वन में एक लाख 25 हजार छात्रों का फॉर्म भरा जाना है। इसमें एक लाख पांच हजार रेगुलर और 20 हजार प्रमोटेड छात्र हैं। सोमवार तक करीब 50 हजार छात्रों का ही फॉर्म भरा जा सका।
