मुजफ्फरपुर में बोचहां उपचुनाव का मतदान मंगलवार को संपन्न हो गया। 59.20% वोटिंग हुई। इधर, उपचुनाव के दौरान बोचहां के सरफुद्दीनपुर हाई स्कूल पर दोबारा वोट डालने पहुंचे एक युवक का लोगों ने जमकर विरोध किया। जवानों ने उस युवक को पकड़ लिया। उसके कागजात और आई कार्ड जब्त कर लिया गया। इसकी सूचना मिलने पर DSP पूर्वी मनोज पांडेय मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे। युवक को फौरन हिरासत में लिया गया। इसके बाद वोटिंग शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
सुबह सात बजे से हुआ मतदान
बोचहां उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। यह शाम के पांच बजे समाप्त होगा। इसी के साथ कुल 13 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में बंद हो गई। इसका परिणाम 16 अप्रैल को सामने आएगा। वोटिंग के लिए सुबह साढ़े 6 बजे से ही मतदाता बूथ पर पहुंच गए। गंडक शिशु विद्यालय, शेरपुर पहुंचे एक 45 वर्षीय वोटर ने कहा, ‘पहले मतदान फिर जलपान’। उनका कहना था कि सुबह चाय पीकर आया हूं। मतदान करने के बाद ही नाश्ता करूंगा।
मतदाताओं में काफी उत्साह
मतदान केंद्र पर मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। महिलाएं भी इसमें पीछे नहीं दिखी। महिला मतदाताओं ने परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए वोट डालने की बात कही। मतदान के दौरान गड़बड़ी न हो इसके लिए सुरक्षा चाक-चौबंद की गई थी। बूथ और उसके आसपास चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। चुनाव आयोग के ऑब्जर्वर सत्यजीत सरकार बूथ का जायजा लेने पहुंचे।
कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है। बूथ संख्या 162 पर EVM में तकनीकी खराबी आने के कारण वोटिंग बाधित हुई थी। करीब 1 घंटे तक मतदान बाधित रहा।
बोचहां विधानसभा क्षेत्र में कुल 350 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुरक्षा के लिए CAPF की 15 कंपनी और BSAP की तीन कंपनियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा जिला पुलिस और होमगार्ड के जवानों की भी तैनाती थी। क्षेत्र में कुल 2,90,764 मतदाता हैं, जिसमें 1,53,078 पुरुष और 1,37,682 महिला मतदाता हैं।
तीन उम्मीदवार मुख्य रूप से रेस में
वैसे तो कुल 13 उम्मीदवार चुनाव में खड़े हैं, लेकिन लड़ाई मुख्य रूप से तीन उम्मीदवारों के बीच तय मानी जा रही है। NDA से बेबी कुमारी, राजद से अमर पासवान और VIP से डॉ. गीता कुमारी। इन्हीं तीनों के बीच मुख्य रूप से लड़ाई है। चुनाव भी त्रिकोणीय ही है। बोचहां की जनता और राजनीतिक विशेषज्ञ इन्हीं तीनों में से किसी एक को विजेता घोषित कर चुके हैं।
कांटे की लड़ाई होने की संभावना
तीनों पार्टियों ने चुनावी अखाड़े में अपना पूरा दमखम लगाया है। NDA के तो 40 नेता और मंत्रियों ने लगातार बोचहां में कैंप ही कर दिया। CM नीतीश कुमार खुद प्रचार करने पहुंचे। वहीं राजद ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। तेजस्वी यादव दो-दो बार चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे। VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी तो इसे प्रतिष्ठा और गरीब-पिछड़े की लड़ाई घोषित कर मैदान में उतरे हुए थे।
