मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील स्थित एक दुकान में चोरी के मोबाइल को खपाया जा रहा था। वहां चोरी के मोबाइल का पार्ट पुर्जा बदलने का खेल चल रहा था। मामले में रेल पुलिस ने छापेमारी कर दुकान से दो नाबालिग मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। जबकि, मौके से दुकान का मालिक फरार हो गया। वही, मौके से पुलिस ने एक लैपटॉप व दुकान के हार्ड डिस्क को जब्त कर ली है। पुलिस उसके गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों मैकेनिक मिलकर दुकान में बनने आये पुराने मोबाइल में चोरी के मदर बोर्ड लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पकड़ा गया है। दोनों से पूछताछ की गई तो मामले का खुलासा हुआ। गिरफ्तार दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि वे लोग दुकान मालिक के कहने पर चोरी के मोबाइल के पार्ट पुर्जा बदल देते हैं। इसके एवज में वे लोग ग्राहकों से नए पार्ट पुरजे का दाम वसूलते थे। इससे ग्राहकों को पता भी नही लगता था और पैसे भी कमाई हो रही थी।
पूर्वी चंपारण से पकड़े गए युवकों ने कहा- मोतीझील में बनने को दिया था मोबाइल, तब खुला मामला
मामले में जीआरपी थानेदार दिनेश कुमार साहू ने बताया कि उनके क्षेत्र से करीब 6 माह पूर्व एक मोबाइल की चोरी हुई थी। जिसकी जांच चल रही थी। इसी दौरान उसका लोकेशन पूर्वी चंपारण के चकिया में दिखाया। जिसके बाद एक टीम चकिया पहुंची। वहां मोबाइल के साथ एक युवक को पकड़ा गया। उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह सेकंड हैंड मोबाइल खरीदा था। उसने मोबाइल मालिक का नाम व पता बताया। जिसके बाद पुलिस दूसरे युवक को भी पकड़ी। उससे पूछताछ की गई। मोबाइल के कागजात मांगे गए। जिस पर उक्त युवक ने मोबाइल का कागजात दिखाया। जांच में मोबाइल उसी का पाया गया। जिसके बाद मोबाइल खरीदने वाले युवक ने बताया कि उसका मोबाइल खराब हो गया था। जिसे वह बनने के लिए मोतीझील में दिया था।
एक मोबाइल पर शो कर रहे थे दो EMI नंबर, एक बॉडी पर दूसरा डिस्प्ले पर
थानेदार ने बताया कि जब कागजात देखा गया तो बॉडी पर दिख रहा EMI नंबर कागज के अनुसार था। जबकि, डिस्प्ले पर चोरी की गई मोबाइल का EMI शो कर रहा था। इस पर युवक ने बताया कि उसका मोबाइल का डिस्प्ले खराब हो गया था। जिसे वह बनने के लिए दिया था। उसके निशानदेही पर उक्त दुकान पर पहुंचा गया। जहां दो मेकैनिक पकड़े गए। उन्होंने बताया कि वे दुकान मालिक के इशारे पर काम कर रहे है। पूछताछ में उन दोनों ने बताया कि मदर बोर्ड चेंज कर दिया गया था। थानेदार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। जबकि, फरार दुकानदार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है
