शहर के लोगों के स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम शहर के चार स्थानों पर स्वास्थ्य केंद्र बनाएगा। पुलिस लाइन में दो हजार सीटों की क्षमता वाले नए ऑडिटोरियम का निर्माण होगा। जबकि आम्रपाली ऑडिटोरियम को तोड़कर नए सिरे से 7 सौ क्षमता का ऑडिटोरियम स्मार्ट सिटी से बनेगा। पार्किंग की समस्या को देखते हुए व्यवसायिक क्षेत्र में मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाने के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। आगामी 19 अप्रैल को मेयर इंजीनियर राकेश कुमार पिंटू ने नगर निगम बोर्ड की बैठक बुलाई है। बैठक में इन दोनों प्रोजेक्ट के साथ 18 बिंदुओं पर चर्चा होगी।
निगम बोर्ड की बैठक में नगर निगम का बजट भी पेश किया जाएगा। नगर निगम बोर्ड की बैठक में आगामी 20 वर्षों में होने वाले निर्माण कार्य को लेकर दीर्घकालीन प्रोजेक्ट बनाने पर भी विचार किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
इन सड़कों का बदलेगा नाम
1. जूरन छपरा-सरैयागंज टावर रोड का नाम खुदी राम बोस मार्ग
2. माड़ीपुर रोड का नाम प्रफुल्ल चाकी मार्ग
3. चांदनी चौक से महेश भगत बनवारी लाल कॉलेज रोड का नाम भामाशाह मार्ग
4. अघोरिया बाजार चौक से छाता चौक तक रोड का नाम अटल पथ
5.हरिसभा चौक से क्लब रोड पानी टंकी चौक भाया मिठनपुरा चौक का नाम सरदार बल्लभ भाई पटेल मार्ग
6. पक्कीसराय चौक स्थित तीन कोठिया मार्ग का नाम सावरी खानका मार्ग
7. कलमबाग चौक से रामदयालु नगर रेलवे स्टेशन गन्नीपुर रोड का नाम डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग
तैयारी : शहरी क्षेत्र में आवास एवं शौचालय योजना पर भी होगा मंथन
शहर में अलग-अलग निर्माण कार्य होने से परेशानी हो रही है। इसको देखते हुए आगामी 20 वर्षों में होने वाले शहर में निर्माण कार्य को लेकर प्रोजेक्ट बनाने पर विचार होगा। आम्रपाली ऑडिटोरियम की खस्ताहाल हालत को देखते हुए कला संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा दो हजार से ज्यादा दर्शकों की क्षमता का ऑडिटोरियम पुलिस लाइन में निर्माण पर विचार किया जाएगा।
भवन निर्माण विभाग इसका निर्माण करेगा। गांधी स्मृति नगर भवन के नाम से यह ऑडिटोरियम होगा। नगर निगम के आरटीपीएस काउंटर पर यूजर आईडी की सुविधा को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी। नगर निगम बोर्ड की बैठक में अनुमंडल अधिकारी पूर्वी को भी आमंत्रित किया गया है। शहर में आवास एवं शौचालय योजना पर भी बोर्ड की बैठक में चर्चा होगी।
स्मार्ट सिटी में बेतरतीब निर्माण व प्रदूषण नियंत्रण को लेकर क्या कुछ हो रहा है, इस पर भी चर्चा होगी। निगम क्षेत्र में 10 फीट से ज्यादा की सड़क के कालीकरण करने का भी निर्णय लिया जा सकता है। मेयर इंजीनियर राकेश कुमार पिंटू का कहना है कि नगर निगम के पास पैसे की कमी नहीं है शहर के चारों तरफ एक एक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण होगा।
