मिठनपुरा थाना के क्लब रोड में पकड़े गए ट्रक से 409 कार्टन विदेशी शराब मिली। मुर्गी दाना के बोरा के बीच में शराब की खेप छिपाकर रखी थी। शराब अरुणाचल प्रदेश में बनी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित अहियापुर थाना के छींट भगवतीपुर के राजन कुमार, मुशहरी थाना के पह्लादपुर तरौरा के राहुल कुमार और बोचहां थाना के सनाठी के रोहित कुमार समेत अन्य के खिलाफ एक्साइज एक्ट में केस दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपितों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, राजन वर्तमान में सदर थाना के कच्ची-पक्की चौक के समीप नाना के घर रह रहा था। उससे पूछताछ के आधार पर सिंडिकेट के फरार माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सिंडिकेट का माफिया नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। शराब के कई केस में वांटेड है। जेल भी जा चुका है। मिठनपुरा थानेदार श्रीकांत सिन्हा ने बताया कि गुरुवार की देर रात पटना मद्य निषेध की टीम की सूचना पर एएलटीएफ व पुलिस टीम ने क्लब रोड में पानी टंकी के पास छापेमारी कर एक ट्रक को पकड़ा था। मौके से चालक व उसकी निशानदेही पर दो और को दबोचा गया। पटना मद्य निषेध के डीएसपी ने शुक्रवार को मिठनपुरा थाने पहुंचकर गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की।
