मुजफ्फरपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में ऑटो चालक की मौत, मां से अक्सर होता था झगड़ा

मुजफ्फरपुर जिले के गोबरसही डुमरी में ऑटो चालक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। उसका शव घर के एक कमरे में पंखे से झूलता हुआ मिला। उसके गले मे गमछा का फंदा बना हुआ था। मृतक की पहचान मनीष कुमार (20) के रूप में हुई है। उसके पिता रामईश्वर प्रसाद मेहनत मजदूरी करते हैं। सूचना मिलने के बाद सदर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। फिलहाल परिजनों का बयान नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को मेडिकल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

 

मां से सम्बंध ठीक नहीं होने की बात

 

पुलिस पूछताछ व जांच में पता लगा कि युवक ने सुसाइड किया है। हालांकि कमरे से कोई नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस का कहना है परिवारिक कलह में उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। अपनी मां से उसके रिश्ते में खटास थी। इसे लेकर हमेशा लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। उसकी मां का परिचित एक ठेकेदार है, जो मनीष को अक्सर धमकाता रहता है कि घर मे लड़ाई-झगड़ा नहीं करे। इसे लेकर भी वह तनाव में रहता था। थानेदार सत्येंद्र मिश्रा ने बताया कि सभी एंगल पर जांच की जा रही है।

 

रात को भी हुआ था झगड़ा

 

मृतक के भाई विकास ने बताया कि रात को मां के साथ झगड़ा हुआ था। उसने आरोप लगाया कि उसकी मां का परिचित व्यक्ति अक्सर घर मे आकर शराब पीता था और धमकी देता था। इसका वे लोग विरोध करते थे तो मारपीट भी करता था। विकास ने भाई की हत्या करने का आरोप लगाया है। कहा कि रात को खाना खाने के बाद वह सोने चला गया था। आज जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो उनलोगों को संदेह हुआ। दरवाजा पीटने लगे। पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ दिया गया। देखा कि मनीष पंखे से लटक रहा है। थानेदार का कहना है कि परिजन जो भी बयान देंगे। उसी आधार पर FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *