राजधानी पटना की तरह मुजफ्फरपुर नगर निगम क्षेत्र में भी कूड़ा उठाव पर निगरानी के लिए इंटेलिजेंस सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके तहत सभी घरों पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। इसके साथ ही शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए मिठनपुरा व चंदवारा में अस्थाई कचरा ट्रांसफर सब स्टेशन का निर्माण होगा।
ये सभी प्रस्ताव 19 अप्रैल को होने वाले निगम बोर्ड की बैठक के लिए निगम की ओर से लाया गया है। मेयर की ओर से पहले से ही निगम बोर्ड की बैठक में 18 प्रस्ताव लाया गया है। बैठक कंपनीबाग स्थित टाउन हॉल में होगी। बैठक को लेकर सभी पार्षदों को निगम प्रशासन की ओर से सूचना भेजी गई।
चंदवारा व मिठनपुरा में बनेगा कचरा ट्रांसफर सब स्टेशन
निगम की ओर से लाए गए 6 प्रस्ताव
- चंदवारा व मिठनपुरा में कचरा ट्रांसफर सब स्टेशन का निर्माण
- डोर टू डोर कूड़ा उठाव की निगरानी के लिए घरों पर क्यूआर कोड लगेगा
- स्मार्ट सिटी मिशन से आम्रपाली ऑडिटोरियम का होगा नवनिर्माण
- एमआरडीए की पुरानी बिल्डिंग तोड़कर निगम का प्रशासनिक ऑफिस बनेगा
- बीएसएनएल कार्यालय में 5 हजार वर्गफीट क्षेत्र किराए पर लेकर निगम की शाखा खुलेगी
- बीएसएनएल कार्यालय में 5 हजार वर्गफीट क्षेत्र किराए पर लेकर निगम की शाखा खुलेगी
घरों से कूड़ा उठाव होते ही कंट्रोल को जाएगी सूचना
इंटेलिजेंस सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम लागू होने की स्थिति में प्रत्येक घर पर क्यूआर कोड रहेगा। सुबह में डोर टू डोर कचरा उठाते ही सूचना कंट्रोल रूम को मिल जाएगी। इस पर 5 करोड़ खर्च होगा। स्मार्ट सिटी की टीम पिछले माह पटना में जाकर यह सिस्टम देख चुकी है।
स्टैंडिंग मेंबरों को देना होगा पार्षदों के सवाल का जवाब
नगर निगम बोर्ड की बैठक में वार्ड पार्षद जो सवाल पूछेंगे, उसका जवाब मेयर अथवा स्टैंडिंग मेंबर को देना होगा। नगर निगम सशक्त स्थाई समिति के सदस्य राजीव कुमार पंकू का कहना है कि स्टैंडिंग मेंबर को जवाब देने में कोई परेशानी नहीं है।
राज्य सरकार व केंद्र सरकार में मंत्री को सदस्यों द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब तैयार कराकर संबंधित विभाग से मुहैया कराया जाता है। निगम प्रशासन को भी वार्ड पार्षदों द्वारा जो पहले से सवाल किया जा रहा है, उसका जवाब बना कर देना होगा।
