मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित सरहचीया गांव में बेटी की शादी की तैयारी कर रहे मां-बाप पर आग का कहर टूट पड़ा। परिजनों ने शादी के लिए कर्ज लेकर घर में सामान इक्ठ्ठा कर रखा था। ऐसे में उन्हें क्या पता था कि शादी से पहले रामनाथ महतो का आशियाना ही उजड़ जाएगा।
दरअसल, रविवार को उनके गांव में अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने 11 घरों को अपने चपेट में ले लिया। इस दौरान इलाके के अफरातफरी की स्थिति बन गई। लोग आग बुझाने के लिए मिट्टी व पानी का छिड़काव करने लगे। लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी। इस अगलगी में 11 घर बुरी तरह जलकर राख हो गया। जिसमें करीब 10 लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
आग लगने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। वहीं, घर मे रह रहे लोग बाहर निकलने लगे। बताया गया कि सबसे ज्यादा नुकसान रामनाथ महतो को हुआ है। उनकी पुत्री की शादी होने वाली है। इसको लेकर उन्होंने कर्ज लेकर शादी का सामान खरीद रखा था। जबकि, गहने भी उन्होंने कर्ज लेकर खरीदा था। आग लगने की वजह से सारा सामान व जेवर जलकर राख हो गए। इस अगलगी में करीब 5 लाख का नुकसान हुआ है।
इधर, घटना को लेकर ग्रामीणों में फायर ब्रिगेड को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटो मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया। बताया गया कि अगलगीके अनाज, घर के रखे सामान, कपड़े समेत अन्य चीजें जलकर राख हो गई। पीड़ितों में रामनाथ महतो, लालदेव महतो, रामदयाल महतो, रविंद्र महतो, बलिंद्र महतो, रामसेवक महतो, राजमंगल महतो,रामप्रमोद महतो, रामप्रवेश महतो, रामकुमार महतो व गोरख महतो का घर शामिल है। इधर, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से राहत की गुहार लगाई है।
