मुजफ्फरपुर-वाराणसी के बीच चलनेवाली बापूधाम एक्सप्रेस से बड़े पैमाने पर मानव तस्करी की जा रही है। इसको लेकर आईजी कमजोर वर्ग ने रेल पुलिस को अलर्ट किया है।
इस ट्रेन से मुजफ्फरपुर के अलावा मोतिहारी, सुगौली, बेतिया व नरकटियागंज के तस्कर बाल मजदूरों की तस्करी कर रहे हैं। भारत-नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के बच्चों को काम कराने के लिए दूसरे प्रदेशों में भेजा जा रहा है।
रात साढ़े सात बजे बापूधाम एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर जंक्शन से रवाना होती है। इस कारण मानव तस्करों के लिए सेफ रहती है। इस ट्रेन से बच्चों को वाराणसी के रास्ते दिल्ली, मुंबई, राजस्थान व गुजरात आदि प्रदेशों में भेजा जा रहा है। आईजी कमजोर वर्ग ने इस ट्रेन से जुड़े स्टेशनों के रेल थाना पुलिस को चौकस रहने व जांच-पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत इस ट्रेन में यात्रा करने वाले बच्चों, लड़कियों व महिलाओं की गतिविधियों पर नजर रखने, रोको टोका अभियान चलाने और सघन गश्ती करने के लिए कहा है। ट्रेन सप्ताह में चार दिन मुजफ्फरपुर व वाराणसी के बीच चलती है।
