मुजफ्फरपुर। महंगाई की मार हर सामान पर पड़ने लगी है। डीजल की कीमत बढ़ने के बाद अब कॉस्मेटिक सामानों के दाम 15 फीसदी बढ़ गये हैं। लग्न के दिनों में कॉस्मेटिक सामानों की मांग अधिक रहती है।
दाम बढ़ने से ग्राहकों को परेशानी हो रही है। अघोरिया बाजार के मो. सितारे ने बताया कि सामानों की कीमत बढ़ने से ग्राहक जरूरत भर ही खरीदारी कर रहे हैं। इसका असर ईद की खरीदारी पर भी पड़ रहा है। इस्लामपुर में कॉस्मेटिक के थोक विक्रेता अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कॉस्मेटिक का सामान हर घर की जरूरत है। कीमत बढ़ने के बाद लोग सीमित खरीदारी कर रहे हैं। मोतीझील बंका बजार में कॉस्मेटिक की खरीदारी करने आई किरण साहू ने बताया कि कॉस्मेटिक सामानों के दाम बढ़ने से खरीदारी करने में थोड़ी मुश्किल हो रही है।
