मुजफ्फरपुर जंक्शन पर खान-पान स्टॉल और वेंडरों की जांच से हड़कंप, रेलवे ने सर्विस इम्प्रूवमेंट ग्रुप का किया गठन

रेलवे की ओर से यात्री सेवा सर्वोपरि के उद्देश्य को पूरा करने के लिए पूर्व मध्य रेल द्वारा मुख्यालय स्तर पर सर्विस इंप्रूवमेंट ग्रुप का गठन किया गया है। बताया गया कि यह समूह यात्रियों के लिए उत्तम सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है। बताया जा रहा है कि पूर्व मध्य रेल के रेल अधिकारियों की टीम ‘सर्विस इंप्रूवमेंट ग्रुप’ विभिन्न महत्वपूर्ण स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं व उनमें सुधार की संभावनाओं के मद्देनजर नियमित रूप से निरीक्षण करती है।

इसको लेकर शुक्रवार को सोनपुर मंडल के मुजफ्फरपुर जंक्शन पर इस ग्रुप द्वारा यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया। इस ग्रुप में मुख्य वाणिज्य प्रबंधक /यात्री सेवा अमिताभ प्रभाकर, मुख्य संचार अभियंता प्रमोद कुमार, मुख्य सामान्य इंजीनियर अरुण कुमार यादव ,सीनियर डीएमओ मुजफ्फरपुर एस के चौधरी, डिप्टी सीएमई /कोचिंग वेद प्रकाश, डीसीएम सोनपुर सुबोध कुमार आदि अधिकारी के साथ जंक्शन के भी संबंधित अधिकारी तथा सुपरवाइजर निरीक्षण में शामिल रहे। इस दौरान मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग हॉल, वाटर बूथ, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, खानपान व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था , यूटीएस हॉल तथा शौचालय आदि का जायजा लिया गया।

साथ ही जंक्शन पर विभिन्न सुविधाओं से संबंधित पर्यवेक्षकों को उत्तम सुविधाएं बनाए रखने तथा उनमें कोई कमी पाए जाने पर उन्हें तुरंत दूर करने हेतु निर्देशित किया गया। ग्रुप द्वारा मुजफ्फरपुर जंक्शन पर निरीक्षण के दौरान खानपान व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर खानपान स्टॉल और वेंडरों की जांच की गई। साथ ही यात्री सुविधा हेतु किए जा रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। सर्विस इंप्रूवमेंट ग्रुप द्वारा मुजफ्फरपुर जंक्शन पर निरीक्षण का समग्र समन्वय मुख्य वाणिज्य प्रबंधक /यात्री सेवा अमिताभ प्रभाकर द्वारा किया गया।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *