मुजफ्फरपुर में सड़क दुर्घटना में घायल महिला की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जामकर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने सदर थाना क्षेत्र के फरदोपुर पुल के समीप मुजफ्फरपुर-छपरा मुख्य मार्ग को करीब 2 घंटे जाम कर दिया। बताया गया कि गुरुवार को कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर में सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से महिला बुरी तरह घायल हो गई थी।
स्थानीय लोगों द्वारा आनन फानन में उन्हें SKMCH में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को बॉडी सौंप दिया। वहीं शुक्रवार कोप परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सदर थाना क्षेत्र के फरदो पुल के समीप सड़क पर आगजनी कर हंगामा करने लगे। इसके बाद जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करने लगा।
सड़क जाम के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी-लंबी कतार लग गयी। सड़क जाम की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाने में जुट गयी। लेकिन, वहां पर मौजूद लोग मानने को तैयार नहीं थे। काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ। मृत महिला की पहचान सदर थाना क्षेत्र के पताही निवासी प्रमिला देवी के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में मृतक के पुत्र सरोज कुमार ने बताया कि कल सड़क दुर्घटना में घायल हो गयी थी। जिनकी आज मौत हो गई है। इधर, सदर थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र में एक घटना घटी थी। महिला की मौत हो गयी है। सम्बंधित अधिकारी और कांटी थाना से बात हो गयी है। आगे की करवाई की जा रही है। फिलहाल जाम को खत्म करा लिया गया है आवागमन सुचारू रूप से चालू हो गया।
