मुजफ्फरपुर पहुंचे उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, कहा- तेजस्वी यादव का ए टू जेड पापा से बबुआ तक में सिमटा

सूबे के उद्योग मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राजद के युवराज तेजस्वी यादव का ए टू जेड पापा से बबुआ तक यानी परिवारवाद में ही सिमटा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी का ए टू जेड है सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास।

उन्होंने कहा कि राजद के जंगलराज को याद कर आज भी लोग सिहर जाते हैं। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए मंत्री शाहनवाज ने शुक्रवार को मुजफ्फरपुर परिसदन में मीडियाकर्मियों से बातचीत की।

बिहार की धरती से इतिहास रचने आ रहे अमित शाह

उद्योग मंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार की धरती से इतिहास रचने आ रहे हैं। स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर स‍िंंह की जयंती पर आयोजित तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक होगी। अमृत महोत्सव पर पूरे राज्य से भाजपा कार्यकर्ता जुटेंगे। कहा कि पहले लोग कहते थे कि बिहार में सूई का कारखाना नहीं लग सकता, लेकिन इधर लगातार नए उद्योग लग रहे हैं। पेप्सी के बाद अब पूर्णिया में पहले इथनाल की फैक्ट्री का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। बेला औद्योगिक इलाके को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए वहां नाले का निर्माण कराया जा रहा है। मोतीपुर में तेजी से उद्योग लग रहे हैं। फूडपार्क व टेक्सटाइल पार्क पर ध्यान दिया जा रहा है। मंत्री ने खरौना स्थित हीक्योर एग्रो प्लांट के प्रांगण में पौधारोपण भी किया। मौके पर भाजपा नेता देवांशु किशोर, केपी पप्पू, चंदन कुमार, रानू शंकर, राकेश कुमार गुड्डू, अंजू रानी, वीरेन्द्र कुमार आदि उपस्थित थे।

टीम ने राजेपुर थाना के भवन निर्माण को जमीन का किया सत्यापन

साहेबगंज। प्रखंड के राजेपुर में थाना भवन निर्माण को लेकर अपर समाहर्ता राजेश कुमार के नेतृत्व में जिले की गठित छह सदस्यीय टीम शुक्रवार को राजेपुर पहुंची। टीम ने वहां थाना भवन के लिए प्रस्तावित 74 डिसिमल रैयती जमीन का सत्यापन किया। मौके पर भू स्वामियों की मौजूदगी में जमीन की लीज के लिए पैमाइश कर सीमांकन किया गया।

मालूम को कि नक्सल प्रभावित राजेपुर इलाके की दूरी प्रखंड मुख्यालय से 12 किलोमीटर है। अपराध नियंत्रण को लेकर वहां थाना स्थापित करने के लिए सरकार ने भवन निर्माण कराने का निर्णय लिया है। टीम में अपर समाहर्ता, जिला भूअर्जन पदाधिकारी, प्रभारी डीडीसी, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीसीएलआर, निबंध पदाधिकारी शामिल थे। मौके पर अंचलाधिकारी संतोष कुमार सुमन, अंचल निरीक्षक अरुण कुमार प्रसाद सिंह व मुखिया पति रामनरेश मालाकार थे।

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *