जिले में पछुआ हवा चलने से तापमान में वृद्धि होगी। दिन का तापमान 39 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री पर पहुंच सकता है।
वहीं, शुक्रवार की शाम में मौसम का मिजाज बदल गया। जिले में तेज रफ्तार से हवा चली। गायघाट व मीनापुर प्रखंड में बूंदाबांदी हुई।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा की ओर से पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसमें बताया गया कि अगले दो दिन तक हल्के बादल छाए रहेंगे, जबकि पूर्वानुमान की अवधि में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान 10 से 12 किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी। इधर, पिछले 24 घंटे में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. गुलाब सिंह ने बताया कि तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। 40 से 43 डिग्री सेल्सियस पारा जाने पर लू चलने की भी संभावना बनी हुई है।
